Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP News : नर्मदा में पेट्रोलिंग कर रही होमगार्ड की मोटरबोट पलटी, 15 जवान थे सवार, सभी सुरक्षित

जबलपुर के ग्वारीघाट में पेट्रोलिंग के दौरान इंजन फेल होने से नर्मदा में पलटी मोटरबोट, सभी जवानों ने पहनी थी लाइफ जैकेट; स्थानीय नाविकों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया।

MP News : नर्मदा में पेट्रोलिंग कर रही होमगार्ड की मोटरबोट पलटी, 15 जवान थे सवार, सभी सुरक्षित
X

MP News : जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित प्रसिद्ध ग्वारीघाट पर शुक्रवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नर्मदा नदी में पेट्रोलिंग कर रही होमगार्ड और SDRF की मोटरबोट अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि इंजन खराब होने के बाद बोट में पानी भरने लगा, जिससे वह गहरे पानी में पलट गई। राहत की बात यह रही कि बोट में सवार सभी जवान लाइफ जैकेट पहने हुए थे और समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए।

इंजन बंद होते ही बोट में भरने लगा पानी

जानकारी के मुताबिक, होमगार्ड और SDRF की टीम ग्वारीघाट क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग और सर्चिंग के लिए निकली थी। नदी के बीच पहुंचने के दौरान अचानक मोटरबोट का इंजन बंद हो गया। इंजन फेल होने के बाद तेज बहाव और लहरों के कारण बोट में पानी भरने लगा। स्थिति बिगड़ने पर मोटरबोट अपना संतुलन खो बैठी और देखते ही देखते नदी में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई।

नाविकों ने दिखाई तत्परता

बोट पलटते ही आसपास मौजूद स्थानीय नाविक जवानों की मदद के लिए तुरंत नदी में उतर गए। कुछ जवान तैरकर किनारे पहुंचे, जबकि अन्य को नाविकों ने अपनी नावों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला। सभी जवानों ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी, जिसके चलते किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हादसे में सभी जवान सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

मौके पर पहुंचे होमगार्ड अधिकारी

घटना की जानकारी मिलते ही होमगार्ड के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट नीरज सिंह ठाकुर टीम के साथ ग्वारीघाट पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। प्रारंभिक तौर पर मोटरबोट का इंजन खराब होना हादसे की वजह माना जा रहा है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire