Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP News : सोते वक्त परिवार पर जर्जर मकान की छत गिरी, मलबे में दबने से मां-बेटे की मौत, 5 घायल

डबरा के जंगीपुरा में देर रात हुआ हादसा, पिता और चार बेटियां घायल; दो की हालत गंभीर होने पर ग्वालियर रेफर

MP News : सोते वक्त परिवार पर जर्जर मकान की छत गिरी, मलबे में दबने से मां-बेटे की मौत, 5 घायल
X

MP News : ग्वालियर। मध्य प्रदेश के डबरा में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। जंगीपुरा इलाके में जर्जर दो मंजिला मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे कमरे में सो रहा पूरा परिवार मलबे के नीचे दब गया। हादसे में 2 वर्षीय मासूम बेटे आदित्य और उसकी मां सीमा की मौत हो गई, जबकि पिता समेत चार बेटियां घायल हो गईं।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत कर मलबे में दबे परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। घायलों में पिता और चार बेटियां शामिल हैं। गंभीर स्थिति को देखते हुए पिता और दो बेटियों को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है।

बताया जा रहा है कि परिवार में चार बेटियों के बाद बेटा हुआ था। हादसे की रात मां सीमा अपने 2 साल के बेटे आदित्य के साथ कमरे में सो रही थी। इसी दौरान अचानक छत का मलबा दोनों के ऊपर आ गिरा, जिससे उनकी मौत हो गई।

परिजनों ने अस्पताल में इलाज को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि घायलों को अस्पताल ले जाने के बाद उचित उपचार नहीं मिला और ड्यूटी डॉक्टर ने उन्हें निजी अस्पताल ले जाने की बात कही। परिजनों ने इसी दौरान मां-बेटे की मौत होने की बात कही है।

घटना के बाद प्रशासन भी मौके पर पहुंचा। SDM नवकिरण कौर के मुताबिक, मकान काफी जर्जर था और बारिश के कारण हादसा होने की आशंका है। प्रशासन ने इलाके में मौजूद अन्य जर्जर मकानों को चिन्हित करने की बात कही है। वहीं, इलाज में किसी तरह की लापरवाही सामने आने पर जांच और कार्रवाई का आश्वासन भी दिया गया है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire