Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

MP News : एक्शन मोड में CM डॉ. मोहन यादव, लापरवाही पर CMHO समेत कई अधिकारी-कर्मचारी निलंबित

सीएम मोहन यादव ने रोजगार के मुद्दे पर कहा कि प्रदेश में युवाओं को अवसर देने के लिए बड़े स्तर पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।

MP News : एक्शन मोड में CM डॉ. मोहन यादव, लापरवाही पर CMHO समेत कई अधिकारी-कर्मचारी निलंबित
X

छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुशासन और जनसेवा को लेकर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान प्रदेश में प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। सरकार की योजनाओं और फैसलों को धरातल तक पहुंचाने में अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका बेहद अहम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है। जनता को समय पर सुविधाएं और योजनाओं का लाभ मिले, इसके लिए अधिकारी-कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ काम करना होगा।

लापरवाही पर कार्रवाई, CMHO सहित कई कर्मचारी निलंबित

मुख्यमंत्री के निर्देश पर छिंदवाड़ा जिले में प्रशासनिक लापरवाही के मामलों में सख्त कार्रवाई की गई है। इसमें मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) नरेश गुनाने, एक पटवारी, एक तहसीलदार सहित अन्य कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि जनहित के कार्यों में लापरवाही या उदासीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

छिंदवाड़ा में 1281 कर्मचारियों को मिला पदोन्नति का लाभ

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों के हितों को लेकर लगातार काम कर रही है। इसी क्रम में छिंदवाड़ा जिले में 1281 अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया गया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को सरकार ने प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया है।

दो लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी

सीएम मोहन यादव ने रोजगार के मुद्दे पर कहा कि प्रदेश में युवाओं को अवसर देने के लिए बड़े स्तर पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। सरकार ने करीब दो लाख पदों पर भर्ती का लक्ष्य रखा है, जिस पर लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रोजगार सृजन और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।

नवनियुक्त शिक्षकों को सौंपे नियुक्ति पत्र

छिंदवाड़ा कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 8 नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए। उन्होंने नए शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा क्षेत्र में उनकी भूमिका समाज निर्माण के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

अधिकारी-कर्मचारियों ने किया मुख्यमंत्री का अभिनंदन

छिंदवाड़ा पहुंचने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का अधिकारी और कर्मचारियों ने अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने सभी कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire