Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

MP News : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों को दी बड़ी राहत, 10.54 लाख किसानों के खातों में ट्रांसफर किए 1460 करोड़ रुपये

MP News : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों को दी बड़ी राहत, 10.54 लाख किसानों के खातों में ट्रांसफर किए 1460 करोड़ रुपये
X

MP News : भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को ऐतिहासिक जगदीशपुर से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत राज्य के 10 लाख 54 हजार किसानों को बड़ी आर्थिक राहत प्रदान की। मुख्यमंत्री ने एक क्लिक के माध्यम से किसानों के बैंक खातों में 1,460 करोड़ 25 लाख रुपये की बीमा दावा राशि अंतरित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

योजना के तहत अब तक 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना शुरू होने से लेकर वर्ष 2024-25 तक प्रदेश के प्रभावित किसानों को कुल 30,942.34 करोड़ रुपये का बीमा दावा भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यह योजना किसानों को प्राकृतिक आपदाओं, अतिवृष्टि, अल्पवृष्टि, ओलावृष्टि और अन्य कारणों से होने वाले फसल नुकसान की भरपाई कर आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने का प्रभावी माध्यम बनी है।

अल-नीनो के प्रभाव को देखते हुए फसल बीमा कराने की अपील

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस वर्ष अल-नीनो के प्रभाव के कारण सामान्य से कम वर्षा की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में किसानों को सतर्क रहते हुए अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा निर्धारित समय सीमा के भीतर अवश्य कराना चाहिए, ताकि फसल क्षति की स्थिति में उन्हें बीमा योजना का पूरा लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि समय पर कराया गया बीमा किसानों के लिए कठिन परिस्थितियों में आर्थिक संबल साबित होगा।

किसानों के हित सर्वोपरि, हर परिस्थिति में साथ खड़ी है सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार किसानों के कल्याण और उनकी आर्थिक सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य केवल राहत देना नहीं, बल्कि कृषि को अधिक सुरक्षित और लाभकारी बनाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी प्राकृतिक आपदा या संकट की स्थिति में राज्य सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी और उनके हितों की रक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाएगी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire