Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP News : 10 तेंदुओं की खाल और सिर के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार, पूछताछ में माधव नेशनल पार्क का नाम आने से मचा हड़कंप

MP News : 10 तेंदुओं की खाल और सिर के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार, पूछताछ में माधव नेशनल पार्क का नाम आने से मचा हड़कंप
X

MP News : ग्वालियर। उत्तर प्रदेश के आगरा में वन्यजीव तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश होने के बाद मध्यप्रदेश के ग्वालियर-चंबल अंचल में हड़कंप मच गया है। वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 10 तेंदुओं की खाल और 10 सिर बरामद किए गए हैं। इस मामले में गिरफ्तार चार अंतरराज्यीय तस्करों की पूछताछ में शिवपुरी के माधव नेशनल पार्क और आसपास के जंगलों का नाम सामने आने के बाद जांच एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।

आगरा में वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक होटल में छापा मारकर वन्यजीव तस्करी के बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान कमरे से 10 तेंदुओं की खाल और उनके सिर बरामद किए गए। मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतपाल नाथ और भगत सिंह (हरियाणा), गब्बर (मुरैना) तथा भोगीराम आदिवासी (शिवपुरी) के रूप में हुई है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे शिवपुरी के जंगलों और माधव नेशनल पार्क के आसपास के क्षेत्रों से तेंदुओं की खाल बेहद कम कीमत पर खरीदते थे। इसके बाद इन्हें आगरा, दिल्ली सहित अन्य शहरों में 5 से 10 लाख रुपये तक में बेच दिया जाता था।

आरोपियों के खुलासे के बाद ग्वालियर-चंबल अंचल के जंगल और वन्यजीव सुरक्षा व्यवस्था जांच के दायरे में आ गई है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि तेंदुओं के शिकार और तस्करी का यह नेटवर्क कितना बड़ा है और किन राज्यों तक फैला हुआ है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग, वाइल्डलाइफ SOS, वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (WCCB) और मध्यप्रदेश स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स की संयुक्त टीमें जांच में जुट गई हैं। अधिकारी तस्करी की पूरी सप्लाई चेन, शिकारियों और खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रहे हैं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire