Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP Crime : अंधेकत्ल की गुत्थी सुलझी, युवती की हत्यारा निकला प्रेमी, ब्लेड से गला रेतकर की थी हत्या

बालाघाट में दुष्कर्म केस में राजीनामा नहीं करने से नाराज था आरोपी, कार में हत्या के बाद नहर में फेंका शव; पुलिस ने आरोपी को जंगल से किया गिरफ्तार

MP Crime : अंधेकत्ल की गुत्थी सुलझी, युवती की हत्यारा निकला प्रेमी, ब्लेड से गला रेतकर की थी हत्या
X

MP Crime : बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में नहर में मिले अज्ञात युवती के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। वारासिवनी थाना क्षेत्र में 23 वर्षीय महिला की हत्या उसके प्रेमी ने कथित तौर पर की थी। पुलिस के मुताबिक दुष्कर्म के मामले में राजीनामा नहीं करने से नाराज आरोपी ने महिला की कार में हत्या कर शव नहर में फेंक दिया था।

मामला ग्राम डोंगरगांव पुलिया के पास का है। 5 अगस्त को ग्रामीणों ने नहर में एक महिला का शव बहता हुआ देखा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकाला। महिला की पहचान के बाद पुलिस ने हत्या के मामले की जांच शुरू की और उसके परिचितों से पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार मृतिका विनीता उर्फ खुश्बू का आरोपी के साथ प्रेम प्रसंग था। आरोपी के दूसरी महिला से विवाह करने के बाद मृतिका ने उसके खिलाफ सिवनी के महिला थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। आरोप है कि आरोपी लगातार महिला पर मामले में राजीनामा करने का दबाव बना रहा था, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं थी। पुलिस के मुताबिक इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने उसकी हत्या की योजना बनाई।

जांच में सामने आया कि आरोपी 31 जुलाई को मृतिका को नागपुर से अपने साथ लेकर निकला था। इसके बाद वह उसे नागपुर, इटारसी और छिंदवाड़ा में अपने साथ लेकर घूमता रहा। पुलिस के मुताबिक 4 अगस्त को आरोपी ने कार के अंदर ब्लेड से महिला के गले पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को कायदी के पास नहर में फेंक दिया।

वारदात के बाद आरोपी ने कार को गोंदिया रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ा किया और नागपुर एवं दुर्ग की ओर फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और आखिरकार जंगल में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कार और ब्लेड जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire