Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP Crime : पत्नी-सास की हत्या कर कमरे में बंद किए शव, 4 दिन बाद दुर्गंध से खुला खौफनाक राज

शहडोल के नवागांव में खटिया के पाए से हमला करने का आरोप, वारदात के बाद आरोपी बाहर से ताला लगाकर फरार; पुलिस तलाश में जुटी

MP Crime : पत्नी-सास की हत्या कर कमरे में बंद किए शव, 4 दिन बाद दुर्गंध से खुला खौफनाक राज
X

MP Crime : शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के नवागांव में रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और सास की हत्या करने का आरोप है। वारदात के बाद आरोपी दोनों शवों को एक कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। करीब चार दिन बाद कमरे से उठती दुर्गंध के बाद पड़ोसियों को घटना की जानकारी हुई।

जानकारी के मुताबिक, नवागांव निवासी दिनेश रजक की करीब एक साल पहले सीधी जिले के मंझौली निवासी रुचि से शादी हुई थी। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी बीच रुचि की मां सावित्री बेटी को मायके ले जाने के लिए नवागांव पहुंचीं।

आरोप है कि बेटी को मायके ले जाने की बात को लेकर दिनेश का पत्नी और सास से विवाद हुआ। इसके बाद देर रात जब दोनों घर में सो रही थीं, तब आरोपी ने खटिया के पाए से दोनों पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण मां-बेटी की मौत हो गई।

आरोप है कि वारदात के बाद दिनेश ने दोनों शवों को घर के एक कमरे में बंद किया और बाहर से ताला लगाकर मौके से फरार हो गया।

करीब चार दिन बाद कमरे से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची गोहपारू पुलिस ने ताला खुलवाया तो अंदर दोनों के शव मिले। पुलिस ने शवों का पंचनामा तैयार कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गोहपारू थाना प्रभारी जे.पी. शर्मा के अनुसार, पत्नी और सास की हत्या के बाद आरोपी फरार है। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire