Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP Crime : चरित्र पर शक से टूटा सब्र, पत्नी ने सोते पति पर कुल्हाड़ी से किया वार, हादसे की रची कहानी

बड़वानी के बांदरिया बड़ गांव में वारदात, लंबे समय से चरित्र पर शक को लेकर पति-पत्नी में था विवाद; पुलिस ने आरोपी पत्नी को किया गिरफ्तार

MP Crime : चरित्र पर शक से टूटा सब्र, पत्नी ने सोते पति पर कुल्हाड़ी से किया वार, हादसे की रची कहानी
X

MP Crime : बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के खेतिया थाना क्षेत्र के बांदरिया बड़ गांव में घरेलू विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। पुलिस के अनुसार, चरित्र पर लंबे समय से हो रही शंका और तानों से परेशान 62 वर्षीय महिला ने अपने 65 वर्षीय पति की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। इसके बाद घटना को हादसा बताकर मामले को छिपाने की कोशिश की।

मृतक की पहचान उधम सिंह के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पत्नी द्वारकी बाई को पुलिस ने बुधवार शाम गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी सुखलाल भवर ने गुरुवार को मामले का खुलासा किया।

पुलिस जांच के मुताबिक, 30 अगस्त की देर रात पति-पत्नी के बीच चरित्र को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद जब उधम सिंह सो गया, तब द्वारकी बाई ने कुल्हाड़ी से उस पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी महिला ने ऐसी कहानी बनाई, जिससे मौत हादसा लगे। पुलिस के अनुसार, शव को टीन की चादर पर रखा गया था, जिस पर खून के निशान थे। इसके बाद महिला ने परिजनों और ग्रामीणों को बताया कि उसका पति अचानक गिर गया था और टीन शेड के धारदार हिस्से से चोट लगने के कारण उसकी मौत हुई।

महिला की बात पर भरोसा करते हुए परिजनों ने अगले दिन सुबह ही उधम सिंह का अंतिम संस्कार कर दिया। हालांकि, पुलिस की जांच में मामला संदिग्ध पाए जाने के बाद घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी गईं और हत्या का खुलासा हुआ।

दंपती के चार बेटे और एक बेटी हैं। चारों बेटे काम के सिलसिले में गांव से बाहर रहते हैं, जबकि इनमें से एक बेटा दिव्यांग बताया गया है। घटना के वक्त घर पर परिवार का कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire