MP : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का बड़ा ऐलान : इस दिन निकलेगा भव्य तिरंगा यात्रा, सांदीपनि स्कूलों में बनेंगे आधुनिक खेल परिसर

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अगस्त क्रांति दिवस के मौके पर 9 अगस्त को भोपाल में भव्य तिरंगा यात्रा आयोजित करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं और आम नागरिकों की भागीदारी वाली यह यात्रा देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता आंदोलन के मूल्यों का संदेश देगी। उन्होंने अधिकारियों को आयोजन की तैयारियां बेहतर तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
खिलाड़ियों की सुविधाओं और प्रशिक्षण पर फोकस
मुख्यमंत्री ने राज्य शूटिंग अकादमी में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की योजनाओं और गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने खिलाड़ियों के पोषण, आधुनिक प्रशिक्षण और नई तकनीकों के इस्तेमाल पर विशेष जोर दिया। ओलंपिक, एशियाई खेल और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार, प्रोत्साहन राशि और सरकारी नौकरी से जुड़े नियम जल्द तय करने के निर्देश भी दिए गए।
सांदीपनि विद्यालयों में तैयार होंगे आधुनिक खेल परिसर
सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश के सांदीपनि विद्यालयों में उपलब्ध भूमि का उपयोग खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए किया जाए। स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, जनजातीय कार्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और युवा आयोग के समन्वय से इन परिसरों में आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित करने की योजना बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूल और कॉलेज खेल प्रतिभाओं को निखारने की सबसे बड़ी नर्सरी हैं, इसलिए प्रतिभाओं की पहचान और प्रशिक्षण का काम इन्हीं संस्थानों से मजबूत किया जाना चाहिए।
जिले की खेल प्रतिभा के हिसाब से बनेगी योजना
मुख्यमंत्री ने खेल अधोसंरचना को लेकर जिला स्तर पर नई रणनीति बनाने के निर्देश दिए। पिछले पांच वर्षों में विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण कर प्रत्येक जिले की जरूरत के मुताबिक स्टेडियम, खेल परिसर और प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित की जाएंगी। जिस जिले में जिस खेल के खिलाड़ी अधिक प्रतिभाशाली हैं, वहां उसी खेल से जुड़ी सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया है।
लंबित जमीन आवंटन जल्द पूरा करने के निर्देश
डॉ. यादव ने निर्माणाधीन खेल परिसरों और स्टेडियमों में जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिन स्थानों पर खेल अधोसंरचना के लिए जमीन आवंटन की प्रक्रिया लंबित है, वहां जिला कलेक्टरों के साथ समन्वय कर जल्द कार्रवाई पूरी करने को कहा गया। इसके अलावा खेल विभाग में अधोसंरचना की बेहतर निगरानी के लिए सिविल विंग गठित करने की व्यवहार्यता रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
कॉमनवेल्थ में MP के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
बैठक में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि ग्लास्गो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में मध्य प्रदेश के पांच खिलाड़ियों ने भारत का प्रतिनिधित्व किया। इनमें से दो खिलाड़ियों ने पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। उन्होंने बताया कि विभाग प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट (PMU) के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल अधोसंरचना विकसित करने पर भी काम कर रहा है।


