Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

MP Cabinet Decisions: मोहन कैबिनेट के बड़े फैसले, भोपाल-विदिशा फोरलेन को मंजूरी, सोयाबीन रिसर्च सेंटर के लिए मिलेगी जमीन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई मध्यप्रदेश कैबिनेट बैठक में इंफ्रास्ट्रक्चर, कृषि, औद्योगिक सुरक्षा, पुरस्कार और जांच से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लगी।

MP Cabinet Decisions: मोहन कैबिनेट के बड़े फैसले, भोपाल-विदिशा फोरलेन को मंजूरी, सोयाबीन रिसर्च सेंटर के लिए मिलेगी जमीन
X

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई मध्यप्रदेश कैबिनेट बैठक में इंफ्रास्ट्रक्चर, कृषि, औद्योगिक सुरक्षा, पुरस्कार और जांच से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लगी। बैठक के बाद स्कूल एवं परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने सरकार के फैसलों की जानकारी दी। कैबिनेट ने भोपाल-विदिशा फोरलेन परियोजना, खंडवा में औद्योगिक सुरक्षा बल और सोयाबीन अनुसंधान केंद्र के लिए जमीन आवंटन समेत कई प्रस्तावों को मंजूरी दी।

भोपाल-विदिशा के बीच बनेगा फोरलेन

कैबिनेट ने भोपाल से विदिशा के बीच फोरलेन सड़क परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर 1,700 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है। सरकार के मुताबिक, भोपाल को मेट्रोपॉलिटन सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में बेहतर सड़क कनेक्टिविटी अहम भूमिका निभाएगी। फोरलेन बनने से दोनों शहरों के बीच सफर आसान होने के साथ यातायात व्यवस्था में भी सुधार की उम्मीद है।

खंडवा में औद्योगिक सुरक्षा बल को मंजूरी

औद्योगिक क्षेत्रों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए कैबिनेट ने खंडवा में औद्योगिक सुरक्षा बल के गठन के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। सरकार का मानना है कि इससे औद्योगिक परियोजनाओं और संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकेगा।

सोयाबीन रिसर्च सेंटर के लिए 20 हेक्टेयर जमीन

किसानों और कृषि क्षेत्र से जुड़े फैसले के तहत कैबिनेट ने इच्छावर में सोयाबीन अनुसंधान केंद्र के लिए 20 हेक्टेयर जमीन निशुल्क आवंटित करने को मंजूरी दी है। इस केंद्र के जरिए सोयाबीन उत्पादन को बढ़ाने, नई कृषि तकनीकों पर काम करने और किसानों तक अनुसंधान का लाभ पहुंचाने पर जोर रहेगा।

रानी दुर्गावती और रानी अवंतिका बाई पुरस्कार की राशि बढ़ी

कैबिनेट ने रानी दुर्गावती पुरस्कार और रानी अवंतिका बाई वीरता पुरस्कार की पुरस्कार राशि में भी बढ़ोतरी की है। अब दोनों पुरस्कारों के तहत दो-दो लाख रुपये दिए जाएंगे। सरकार का कहना है कि इस फैसले का उद्देश्य उत्कृष्ट कार्य और वीरता के क्षेत्र में योगदान देने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है।

देवास पटाखा फैक्ट्री विस्फोट की होगी जांच

देवास में हुए पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले की जांच के लिए एक सदस्यीय जांच समिति गठित करने का फैसला लिया गया है। समिति घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

14 अगस्त को प्रदेशभर में होंगे कार्यक्रम

कैबिनेट बैठक में 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में कार्यक्रम आयोजित करने की जानकारी भी दी गई। इन कार्यक्रमों के जरिए विभाजन के दौरान जान गंवाने और विस्थापन का दर्द झेलने वाले लोगों को याद किया जाएगा।

कृषि और दुग्ध उत्पादन पर सरकार का फोकस

मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने बताया कि मध्यप्रदेश में इस वर्ष को कृषि वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। सरकार कृषि क्षेत्र के साथ-साथ दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दे रही है। दूध उत्पादन में करीब 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का लक्ष्य रखा गया है।

एयर कनेक्टिविटी और जन विश्वास अभियान पर जोर

कैबिनेट बैठक के बाद मंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश एविएशन सेक्टर में तेजी से आगे बढ़ रहा है और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों को बेहतर हवाई कनेक्टिविटी से जोड़ने के प्रयास जारी हैं। वहीं मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आने का भी दावा किया गया। बारिश को लेकर उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्याप्त वर्षा हुई है, हालांकि अब सरकार का फोकस अतिवृष्टि से निपटने पर है। किसानों को पर्याप्त पानी और बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम जारी है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire