Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP Accident : अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक की मौत, दशहरा मेला देखने जा रहे थे तीनों

कटनी के पड़रिया गांव के पास दर्दनाक हादसा, सिजेहरा गांव के तीन युवकों ने मौके पर तोड़ा दम; फरार वाहन चालक की तलाश जारी

MP Accident : अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक की मौत, दशहरा मेला देखने जा रहे थे तीनों
X

MP Accident : कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में दशहरा मेला देखने जा रहे तीन युवकों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। बरही थाना क्षेत्र के ग्राम पड़रिया के पास बुधवार देर रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, तीनों युवक बरही थाना क्षेत्र के सिजेहरा गांव के रहने वाले थे। उनकी पहचान छोटेलाल कोल, अमित लाल कोल और सुमित कोल के रूप में हुई है। बुधवार देर रात तीनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर पास के इलाके में आयोजित दशहरा मेला देखने जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम पड़रिया के पास बरही रोड पर एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर बरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

बरही थाना प्रभारी अरविंद चौबे के अनुसार, मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद फरार हुए वाहन और उसके चालक का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire