Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP : अमित शाह के दौरे से बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था, शाम 6 बजे से डायवर्जन; कई रूटों पर रहेगा असर

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के भोपाल दौरे को देखते हुए राजधानी की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। शाह 2 अक्टूबर की रात भोपाल पहुंचेंगे और 3 अक्टूबर को विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

MP : अमित शाह के दौरे से बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था, शाम 6 बजे से डायवर्जन; कई रूटों पर रहेगा असर
X

भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के भोपाल दौरे को देखते हुए राजधानी की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। शाह 2 अक्टूबर की रात भोपाल पहुंचेंगे और 3 अक्टूबर को विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनके आवागमन के दौरान ट्रैफिक दबाव को नियंत्रित करने के लिए शुक्रवार शाम 6 बजे से कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया है। रात करीब 8 बजे से जरूरत के अनुसार सामान्य दोपहिया और चारपहिया वाहनों को भी वैकल्पिक रास्तों से गुजारा जा सकता है।

यात्री बसों के लिए बदले गए रूट

सीहोर और उज्जैन की तरफ से आने वाली यात्री बसों को हलालपुर बस स्टैंड से आगे लालघाटी की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। राजगढ़ और ब्यावरा की ओर से आने वाली बसें मुबारकपुर बायपास, खजूरी बायपास और बैरागढ़ होकर हलालपुर पहुंचेंगी। वहीं नादरा बस स्टैंड की ओर जाने वाली बसों के लिए गांधीनगर तिराहा, करोंद, बेस्ट प्राइज तिराहा और जेपी नगर तिराहा वाले मार्ग का इस्तेमाल किया जाएगा।

भारी वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित

वीआईपी मूवमेंट के दौरान भारी और मालवाहक वाहनों के लिए भी कई मार्गों पर यातायात बदला गया है। भदभदा चौराहा से भारत माता चौराहा, स्मार्ट रोड, पॉलीटेक्निक, कमला पार्क, रेतघाट, वीआईपी रोड, लालघाटी और गांधीनगर तिराहा तक भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। ऐसे वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

रात 8 बजे के बाद सामान्य वाहनों पर भी असर

स्टेट हैंगर से होटल ताज तक वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात दबाव बढ़ने की स्थिति में रात 8 बजे के बाद सामान्य वाहनों को भी डायवर्ट किया जा सकता है। सीहोर और इंदौर की ओर जाने वाले वाहन मातामंदिर, मैनिट, नेहरू नगर, भदभदा, नीलबड़, रातीबड़ और झागरिया मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे। वहीं एयरपोर्ट, बैरागढ़ और राजगढ़-ब्यावरा की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

3 अक्टूबर को भेल क्षेत्र में अलग ट्रैफिक प्लान

अमित शाह 3 अक्टूबर को भेल दशहरा मैदान में राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान भेल क्षेत्र में सुबह 9 बजे से यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। कार्यक्रम में आने वाली यात्री बसों को भेल गेट नंबर-6 के पास यात्रियों को उतारने के बाद निर्धारित पार्किंग स्थलों की ओर भेजा जाएगा। भेल क्षेत्र के आसपास भारी और व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

16.80 करोड़ के डेयरी प्लांट का करेंगे उद्घाटन

अमित शाह भोपाल सहकारी दुग्ध संघ परिसर में करीब 16.80 करोड़ रुपये की लागत से तैयार फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का उद्घाटन भी करेंगे। इस प्लांट की प्रतिदिन 40 हजार लीटर प्रसंस्करण क्षमता बताई गई है। यहां दूध से दही, छाछ, लस्सी, श्रीखंड और मावा जैसे उत्पाद तैयार किए जाएंगे।

उज्जैन में 255 करोड़ की डेयरी परियोजना भी कार्यक्रम में

दौरे के दौरान उज्जैन में प्रस्तावित 255 करोड़ रुपये के डेयरी प्लांट समेत दुग्ध प्रसंस्करण और गुणवत्ता जांच से जुड़ी परियोजनाओं पर भी कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा पशुपालकों को बोनस राशि, गौशालाओं के लिए सहायता और गोपालक दीदियों के सम्मान से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।

नए आपराधिक कानूनों पर प्रदर्शनी का उद्घाटन

भेल दशहरा मैदान में नए आपराधिक कानूनों और पुलिस व्यवस्था से जुड़े बदलावों पर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी भी आयोजित की जा रही है। अमित शाह इसके उद्घाटन के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। इसके बाद भोपाल के भौंरी क्षेत्र में IISER के अत्रि परिसर से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होने और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण करने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।



आपातकालीन वाहनों को डायवर्जन से छूट

यातायात पुलिस के अनुसार एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवा वाले वाहनों को डायवर्जन से छूट रहेगी। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे वीआईपी मूवमेंट और कार्यक्रम के दौरान अनावश्यक भीड़ से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire