Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

Ladli Behna Yojana: लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त जारी, CM डॉ. मोहन यादव का रक्षाबंधन गिफ्ट, खाते में पहुंचे 1,750 रूपये

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मैहर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से योजना की 39वीं किस्त जारी की। सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 13 हजार से अधिक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 2,148 करोड़ से ज्यादा की राशि ट्रांसफर की गई।

Ladli Behna Yojana: लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त जारी, CM डॉ. मोहन यादव का रक्षाबंधन गिफ्ट, खाते में पहुंचे 1,750 रूपये
X

मैहर। मध्य प्रदेश की मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना से जुड़ी करोड़ों महिलाओं के लिए बुधवार को बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मैहर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से योजना की 39वीं किस्त जारी की। सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 13 हजार से अधिक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 2,148 करोड़ से ज्यादा की राशि ट्रांसफर की गई। रक्षाबंधन के मद्देनजर इस बार नियमित सहायता राशि के साथ अतिरिक्त शगुन भी दिया गया।

हर महिला के खाते में 1,500 के साथ 250 रूपए अतिरिक्त

लाड़ली बहना योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500 रूपए की सहायता राशि दी जाती है। इस बार रक्षाबंधन के अवसर पर सरकार ने इसके अतिरिक्त 250 रूपए देने का फैसला किया। इसके बाद 39वीं किस्त के तहत प्रत्येक पात्र महिला के बैंक खाते में कुल 1,750 रूपए भेजे गए। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करना और उन्हें परिवार के साथ-साथ अपने स्तर पर भी अधिक आत्मनिर्भर बनाने का अवसर देना है।

39 किस्तों में अब तक 63,248 करोड़ से अधिक का भुगतान

मध्य प्रदेश में लाड़ली बहना योजना की शुरुआत वर्ष 2023 में हुई थी। आवेदन प्रक्रिया मार्च 2023 में शुरू हुई और जून 2023 से पात्र महिलाओं के खातों में पहली मासिक किस्त पहुंचनी शुरू हुई। योजना की शुरुआत में महिलाओं को 1,000 रूपए प्रतिमाह की सहायता दी जाती थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 1,250 और फिर 1,500 रूपए प्रतिमाह कर दिया गया। अगस्त 2026 तक 39 किस्तों के जरिए लाभार्थी महिलाओं के खातों में करीब 63,248 करोड़ की सहायता राशि ट्रांसफर किए जाने की जानकारी दी गई है।

अगले पांच साल भी जारी रहेगी योजना

सरकार ने लाड़ली बहना योजना को आगे भी जारी रखने का निर्णय लिया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक योजना के लिए कुल 1,14,365 करोड़ की मंजूरी का प्रावधान बताया गया है। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए योजना के संचालन हेतु 23,882.81 करोड़ का बजटीय प्रावधान किया गया है।

मैहर को भी मिली 256 करोड़ की विकास सौगात

लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त जारी करने के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मैहर जिले के लिए भी बड़ी घोषणाएं कीं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने करीब 256 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं से जिले में बुनियादी सुविधाओं, विकास कार्यों और स्थानीय स्तर पर नागरिक सुविधाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। लाड़ली बहना योजना के जरिए सीधे बैंक खातों में राशि पहुंचाकर महिलाओं को नियमित आर्थिक सहारा देने का प्रयास किया जा रहा है।

सरकार का मानना है कि इस तरह की प्रत्यक्ष सहायता से महिलाओं को रोजमर्रा की जरूरतों के साथ छोटे आर्थिक फैसले लेने में भी अधिक स्वतंत्रता मिलती है। 2023 में शुरू हुई यह योजना अब मध्य प्रदेश की प्रमुख महिला-केंद्रित योजनाओं में शामिल हो चुकी है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire