Indore News: भारत-वेस्टइंडीज T-20 मैच के लिए ट्रैफिक प्लान जारी, जानें कहां होगी पार्किंग और कौन से रास्ते रहेंगे बंद
होलकर स्टेडियम में 11 अक्टूबर 2026 को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले T-20 क्रिकेट मुकाबले को लेकर इंदौर यातायात पुलिस ने पार्किंग और आवागमन की व्यवस्था तय कर दी है।

इंदौर। होलकर स्टेडियम में 11 अक्टूबर 2026 को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले T-20 क्रिकेट मुकाबले को लेकर इंदौर यातायात पुलिस ने पार्किंग और आवागमन की व्यवस्था तय कर दी है। मैच देखने आने वाले दर्शकों, पार्किंग पासधारी वाहनों, मीडिया और आमंत्रित अतिथियों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। इसके साथ ही स्टेडियम के आसपास कुछ मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जाम और असुविधा से बचने के लिए निर्धारित मार्गों का उपयोग करें और जहां संभव हो, सार्वजनिक परिवहन से स्टेडियम पहुंचें।
पार्किंग पासधारियों के लिए जरूरी निर्देश
मैच के दौरान आमंत्रित अतिथियों के वाहनों पर निर्धारित पार्किंग पास लगाना अनिवार्य होगा। पास को वाहन की विंडस्क्रीन पर इस तरह चस्पा करना होगा कि वह स्पष्ट रूप से दिखाई दे। साथ ही, पार्किंग पास पर वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर भी दर्ज होना जरूरी है।
जिन वाहनों पर पार्किंग पास नहीं लगा होगा या पास पर रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं होगा, उन्हें निर्धारित पार्किंग में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसलिए पासधारी वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित प्रवेश मार्ग का ही इस्तेमाल करें।
P1 से P10 तक के पास के लिए अलग-अलग पार्किंग
एमपीसीए की ओर से जारी व्यवस्था के अनुसार, पार्किंग पास के नंबर के आधार पर वाहनों के लिए अलग-अलग स्थान तय किए गए हैं।
-P1 से P4: सांची पॉइंट से होते हुए उषाराजे गेट के रास्ते स्टेडियम में प्रवेश
-P5: इंदौर टेनिस क्लब रोड साइड पार्किंग
P6: अभय प्रशाल रोड साइड पार्किंग
-P7: इंदौर टेनिस क्लब पार्किंग
-P8: अभय प्रशाल पार्किंग
-P9: बास्केटबॉल परिसर में पार्किंग; मीडिया के दोपहिया वाहन भी यहीं खड़े होंगे
-P10: विवेकानंद स्कूल ग्राउंड; प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के वाहन भी यहीं पार्क होंगे
पासधारी वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे अपने पास पर लिखे पार्किंग नंबर के अनुसार ही निर्धारित स्थल पर जाएं।
टिकटधारी दर्शकों के वाहनों के लिए तीन पार्किंग स्थल
मैच देखने आने वाले दर्शकों के निजी वाहनों के लिए पंचम की फेल, SGSITS मैदान और बाल विनय मंदिर स्कूल मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। दर्शकों को अपने आने की दिशा के अनुसार निर्धारित पार्किंग स्थल तक पहुंचना होगा। वहां वाहन खड़ा करने के बाद स्टेडियम तक पैदल जाना होगा।
विजयनगर और मालवा मिल की ओर से आने वाले दर्शक अपने वाहन पंचम की फेल पार्किंग में खड़े करेंगे। यहां से पैदल स्टेडियम पहुंचने की व्यवस्था रहेगी।
राजवाड़ा और मरीमाता की ओर से आने वाले दर्शक राजकुमार ब्रिज और SGSITS तिराहे की ओर से निर्धारित मार्ग का उपयोग कर SGSITS मैदान या बाल विनय मंदिर स्कूल मैदान में वाहन पार्क कर सकेंगे।
पलासिया और भंवरकुआं की ओर से आने वाले दर्शकों को मधुमिलन, रीगल और शास्त्री ब्रिज के नीचे से निर्धारित मार्ग अपनाते हुए SGSITS मैदान या बाल विनय मंदिर स्कूल मैदान तक पहुंचना होगा।
स्टेडियम तक पैदल पहुंचने के लिए निर्धारित रास्ते
दर्शकों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए पैदल आने-जाने के मार्ग भी तय किए गए हैं। हुकुमचंद घंटाघर और पंचम की फेल की ओर से आने वाले दर्शकों को जंजीरवाला चौराहे से स्टेडियम की ओर प्रवेश करना होगा। वहीं, लैंटर्न की ओर से आने वाले दर्शक पैदल स्टेडियम तक पहुंच सकेंगे।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्टेडियम के आसपास वाहनों की पार्किंग के लिए जगह बेहद सीमित है। ऐसे में दर्शकों से सिटी बस और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।
इन मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही रहेगी बंद
मैच के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुछ मार्गों पर पार्किंग पासधारी और आपातकालीन वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
-लैंटर्न चौराहे से जंजीरवाला चौराहे और इंडस्ट्रीज तक
-घंटाघर से जंजीरवाला चौराहे और लैंटर्न चौराहे तक
-पलासिया और घंटाघर से हाईकोर्ट होते हुए लैंटर्न चौराहे तक
इन मार्गों से गुजरने वाले वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले वैकल्पिक रास्ते का चयन करें और मौके पर तैनात यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
ट्रैफिक हेल्पलाइन और इंदौर ट्रैफिक साथी ऐप से मिलेगी मदद
यातायात संबंधी परेशानी होने पर लोग ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 7049107620 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, यातायात से जुड़ी सुविधाओं और जानकारी के लिए इंदौर ट्रैफिक साथी ऐप भी उपलब्ध कराया गया है।
ऐप डाउनलोड करने के लिए इस लिंक का उपयोग करें: https://indoretrafficsaathi.com/download-app
यातायात पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करें, प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले के दौरान शहर में आवागमन सुचारू और सुरक्षित बना रहे।


