Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP News: हरदीप सिंह पुरी ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए भरा नामांकन, CM मोहन यादव समेत BJP के दिग्गज रहे मौजूद

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मध्य प्रदेश में राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल मौजूद रहे। राज्यसभा सीट के लिए 12 नवंबर को मतदान होगा।

MP News: हरदीप सिंह पुरी ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए भरा नामांकन, CM मोहन यादव समेत BJP के दिग्गज रहे मौजूद
X

MP News: मध्य प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को भोपाल स्थित विधानसभा भवन में भाजपा उम्मीदवार के तौर पर अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। पुरी के नामांकन के साथ ही 12 नवंबर को होने वाले चुनाव की तैयारियां भी तेज हो गई हैं।

नामांकन से पहले मंदिर और गुरुद्वारे में की अरदास

नामांकन दाखिल करने से पहले हरदीप सिंह पुरी ने भोपाल में गुरुद्वारे में मत्था टेका। इसके बाद वे करुणाधाम आश्रम पहुंचे और वहां आशीर्वाद लिया। फिर विधानसभा भवन पहुंचकर उन्होंने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपना पर्चा दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने उनके साथ मौजूद रहकर नामांकन प्रक्रिया में हिस्सा लिया।

CM मोहन यादव ने जताई खुशी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हरदीप सिंह पुरी के नामांकन पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि पुरी का मध्य प्रदेश से नामांकन दाखिल करना प्रदेश के लिए सौभाग्य की बात है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि उनके अनुभव का लाभ केंद्र सरकार के साथ-साथ मध्य प्रदेश को भी मिलेगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी पुरी के नामांकन को लेकर पार्टी की ओर से समर्थन जताया।

12 नवंबर को होगा मतदान

मध्य प्रदेश की खाली हुई राज्यसभा सीट के लिए निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। तय कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 2 नवंबर 2026 है। 3 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि उम्मीदवार 5 नवंबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। जरूरत पड़ने पर 12 नवंबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना होगी। निर्वाचन प्रक्रिया 16 नवंबर तक पूरी की जाएगी।

एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई सीट

मध्य प्रदेश की यह राज्यसभा सीट केंद्रीय मंत्री डॉ. एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। उन्होंने 13 अक्टूबर को राज्यसभा की सदस्यता छोड़ दी थी। उनका कार्यकाल अप्रैल 2030 तक था। मुरुगन ने इस्तीफे के बाद तमिलनाडु में पार्टी को मजबूत करने के लिए जमीनी स्तर पर काम करने की इच्छा जताई थी। इसी रिक्त सीट को भरने के लिए उपचुनाव कराया जा रहा है।

विधानसभा में भाजपा के पास बहुमत

मध्य प्रदेश विधानसभा में भाजपा के पास 164 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के 65 विधायक हैं। इस संख्याबल के कारण राज्यसभा उपचुनाव में भाजपा की स्थिति मजबूत मानी जा रही है। फिलहाल कांग्रेस की ओर से उम्मीदवार घोषित किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में चुनावी मुकाबले की तस्वीर नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद और स्पष्ट होगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire