Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

MP News : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं से किया संवाद, 2027 को ‘युवा वर्ष’ बनाने पर रखी सरकार की प्राथमिकता

भोपाल के एक निजी विश्वविद्यालय में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

MP News : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं से किया संवाद, 2027 को ‘युवा वर्ष’ बनाने पर रखी सरकार की प्राथमिकता
X

भोपाल। राजधानी भोपाल के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पूज्य संत अवधूत दादागुरु भगवान ने रविवार को मानसरोवर ग्लोबल यूनिवर्सिटी कैंपस में आयोजित 'युवा संवाद' कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान विधायक रामेश्वर शर्मा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में युवाओं ने मुख्यमंत्री से वर्ष 2027 को ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाने, उनकी फिटनेस और मध्य प्रदेश में तेजी से बढ़ रही औद्योगिक गतिविधियों समेत कई विषयों पर सवाल किए।

2027 को युवा वर्ष बनाने पर CM का जोर

युवाओं के सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और देश के युवाओं में दुनिया का नंबर-1 राष्ट्र बनने की क्षमता मौजूद है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश भी युवा शक्ति वाला प्रदेश है और युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देना सरकार की प्राथमिकता है। इसी सोच के साथ वर्ष 2027 को युवाओं के नाम समर्पित करते हुए ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाने का संकल्प लिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि जो युवा अपने सपनों को लक्ष्य में बदलने और उन्हें पूरा करने का सामर्थ्य रखता है, वही अपने जीवन में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकता है।

युवाओं के लिए सरकार की योजनाओं पर भी चर्चा

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न विभाग मिलकर युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि मध्य प्रदेश की युवा शक्ति न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने कहा कि युवाओं के सपनों को अवसरों में बदलने के लिए सरकार रोजगार, शिक्षा, कौशल और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दे रही है। युवाओं की क्षमता का सही उपयोग होने से प्रदेश की अर्थव्यवस्था और विकास को भी नई गति मिलेगी।

फिटनेस के लिए योग और व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करने की अपील

युवा संवाद के दौरान मुख्यमंत्री से उनकी फिटनेस को लेकर भी सवाल किया गया। इस पर उन्होंने युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि रोजमर्रा की दिनचर्या में योग और व्यायाम के लिए समय निकालना चाहिए। नियमित कसरत और योग से शरीर स्वस्थ रहने के साथ कार्यक्षमता भी बेहतर होती है।

उद्योग और रोजगार को लेकर सरकार की बड़ी सोच

मध्य प्रदेश में लगातार बढ़ रही औद्योगिक गतिविधियों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग क्षेत्रों में काम किया जा रहा है। उन्होंने हेवी इंडस्ट्री, नई तकनीक, खनन, फूड प्रोसेसिंग समेत कई क्षेत्रों में निवेश और रोजगार की संभावनाओं का उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल उद्योग स्थापित करना नहीं, बल्कि अधिक से अधिक रोजगार के अवसर पैदा करना भी है। उन्होंने बताया कि लेबर आधारित उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार प्रति श्रमिक 5 हजार रुपये तक की सहायता 10 वर्षों तक देने के लिए तैयार है। इसका उद्देश्य उद्योगों के विस्तार के साथ रोजगार को बढ़ावा देना है।

नौकरी लेने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें युवा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार चाहती है कि प्रदेश के युवा केवल रोजगार पाने वाले न रहें, बल्कि उद्यमी और उद्योगपति बनकर दूसरों को भी रोजगार देने की क्षमता विकसित करें। उन्होंने कहा कि एक उद्योगपति के सफल होने के साथ यदि कई परिवारों की जिंदगी बेहतर होती है, तो यह विकास का वास्तविक उद्देश्य है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire