Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP News : CM डॉ. मोहन यादव ने 7400 से ज्यादा मेधावी छात्रों को दी ई-स्कूटी की सौगात, बोले- युवाओं को मिलेगी नई ऊर्जा

भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के 7,400 से ज्यादा मेधावी विद्यार्थियों को ई-स्कूटी और मोटराइज्ड वाहन की सौगात दी।

MP News : CM डॉ. मोहन यादव ने 7400 से ज्यादा मेधावी छात्रों को दी ई-स्कूटी की सौगात, बोले- युवाओं को मिलेगी नई ऊर्जा
X

भोपाल। भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के 7,400 से ज्यादा मेधावी विद्यार्थियों को ई-स्कूटी और मोटराइज्ड वाहन की सौगात दी। शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रतीकात्मक रूप से छात्र-छात्राओं को वाहनों की चाबी सौंपी। वहीं पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में वाहन की राशि भी डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इस दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, कैबिनेट मंत्री कुंवर विजय शाह, राज्य मंत्री कृष्णा गौर और भोपाल महापौर मालती राय सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

छात्रों से की बातचीत, स्कूटी पर की सवारी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी पढ़ाई व भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्र-छात्राओं के साथ फोटो भी खिंचवाई। इस दौरान मुख्यमंत्री एक छात्रा के साथ स्कूटी पर बैठकर सवारी करते हुए भी नजर आए।

पेट्रोल वाहन के लिए 90 हजार और ई-स्कूटी के लिए 1.20 लाख रुपये

मुख्यमंत्री स्कूटी वितरण योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को वाहन खरीदने के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना के तहत ई-स्कूटी के लिए 1.20 लाख रुपये और पेट्रोल स्कूटी के लिए 90 हजार रुपये की राशि विद्यार्थियों के खातों में भेजी जा रही है। इस योजना पर सरकार की ओर से 200 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा रहे हैं।

12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। जिन विद्यार्थियों ने कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट अंक हासिल किए हैं और अपने विद्यालय में टॉप किया है, उन्हें इस योजना का लाभ दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी सुविधाओं से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और उन्हें आगे की पढ़ाई में सहायता मिलेगी।



1.45 लाख विद्यार्थियों को दिए गए लैपटॉप का भी किया जिक्र

मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार लगातार विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बताया कि इसी महीने जनजातीय कार्य और स्कूल शिक्षा विभाग के माध्यम से करीब 1.45 लाख विद्यार्थियों को लैपटॉप वितरित किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सरकार की योजनाओं से बड़ी सहायता मिल रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी योजनाएं विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं और उनके माता-पिता के लिए भी खुशी का अवसर बनती हैं।

23 हजार से ज्यादा छात्रों को मिल चुका योजना का लाभ

मुख्यमंत्री स्कूटी वितरण योजना में इस साल बदलाव किए गए हैं। अब तक प्रदेश में 23 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राओं को इस योजना का लाभ मिल चुका है। सरकार का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire