Top
Begin typing your search above and press enter to search.

सोशल मीडिया पर छाया ‘बिट्टू तबाही’: अजनार नदी की सफाई के दौरान हुआ संक्रमण फिर भी नहीं रुका; आनंद महिंद्रा-केविन पीटरसन ने सराहा

उन्होंने पूजा सामग्री से निकलने वाले कचरे को खाद में बदलने की पहल भी शुरू की।

सोशल मीडिया पर छाया ‘बिट्टू तबाही’: अजनार नदी की सफाई के दौरान हुआ संक्रमण फिर भी नहीं रुका; आनंद महिंद्रा-केविन पीटरसन ने सराहा
X

ब्यावरा। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में रहने वाले बीएससी सेकंड ईयर के छात्र बिट्टू तबाही ने अजनार नदी की सफाई का बीड़ा उठाया। 26 जनवरी 2026 को मंदिर के पास नदी में जमा कचरा देखकर उन्होंने खुद सफाई शुरू की। खास बात यह थी कि बिट्टू को तैरना भी नहीं आता था। शुरुआत में लोगों ने उनके काम को सनक बताया, लेकिन वे लगातार नदी से प्लास्टिक और कचरा निकालते रहे।

दोस्तों के साथ जुटाए पैसे, 30 हजार रुपए खर्च

बिट्टू ने दोस्तों के साथ मिलकर सफाई के लिए करीब 30 हजार रुपए जुटाए। इससे सफाई के औजार, कूड़ेदान खरीदे गए और कचरा हटाने के लिए जेसीबी की मदद भी ली गई। उन्होंने पूजा सामग्री से निकलने वाले कचरे को खाद में बदलने की पहल भी शुरू की।

हाथ-पैर में संक्रमण हुआ, अभियान नहीं छोड़ा

नदी की सफाई के दौरान बिट्टू के हाथ-पैर में गंभीर त्वचा संक्रमण भी हो गया। इसके बावजूद उन्होंने सफाई का काम नहीं छोड़ा। उनका कहना है कि नदी को साफ रखना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के हर व्यक्ति को इसमें योगदान देना चाहिए।

सोशल मीडिया पर वायरल हुईं तस्वीरें

बिट्टू के सफाई अभियान की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए। कुछ लोगों ने इसे लाइक्स और लोकप्रियता हासिल करने का तरीका बताया। हालांकि, उद्योगपति आनंद महिंद्रा और इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेट कप्तान केविन पीटरसन ने उनके प्रयास की खुलकर तारीफ की।

केविन पीटरसन ने कहा- ये साहसिक काम

पीटरसन ने बिट्टू की कहानी साझा करते हुए कहा कि बिना दस्ताने, जूते और तैरना जाने उन्होंने नदी की सफाई शुरू की। उन्होंने कहा कि बदलाव तब शुरू होता है, जब कोई व्यक्ति दूसरों का इंतजार छोड़कर खुद जिम्मेदारी उठाता है।

सीएम मोहन यादव ने भी किया सम्मान

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी बिट्टू की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति की सच्ची पहल समाज में बदलाव ला सकती है। बिट्टू का अभियान जल स्रोतों के संरक्षण और युवाओं की भागीदारी का उदाहरण है। सोशल मीडिया पर ‘बिट्टू तबाही’ नाम से पहचान बनाने वाले सुरेंद्र सिंह चौधरी अब जल प्रदूषण के खिलाफ अपनी मुहिम के लिए चर्चा में हैं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire