Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

MP News : विदिशा में व्यापारी को गोली मारकर लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार

25.18 लाख का मशरूका, सोना-चांदी, दो बाइक और तीन देसी कट्टे बरामद; 400 से ज्यादा लोगों से पूछताछ और CCTV से पुलिस आरोपियों तक पहुंची

MP News : विदिशा में व्यापारी को गोली मारकर लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार
X

MP News : विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में व्यापारी को गोली मारकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 25.18 लाख रुपये का मशरूका, सोना-चांदी, दो मोटरसाइकिल और तीन अवैध देसी कट्टे बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने शमशाबाद-पट्टन और पिपलधार लूटकांड को अंजाम दिया था। व्यापारी को फायरिंग कर घायल करने के बाद लूट की गई थी। वारदात के बाद आरोपी अलग-अलग राज्यों में छिपकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे।

400 से ज्यादा लोगों से पूछताछ, CCTV से मिला सुराग

लुटेरों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने 400 से अधिक लोगों से पूछताछ की और कई स्थानों के CCTV फुटेज खंगाले। तकनीकी जांच और फुटेज के आधार पर पुलिस को आरोपियों की गतिविधियों का सुराग मिला।

जांच के दौरान पुलिस मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में छिपे आरोपियों तक पहुंची। बताया गया कि आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे, लेकिन स्थानीय पुलिस के सहयोग से उनकी कोशिश नाकाम कर दी गई।

7 किलो से ज्यादा चांदी और सोना बरामद

पुलिस ने आरोपियों से 7 किलो 235 ग्राम चांदी और 25 ग्राम सोना समेत दो मोटरसाइकिल और तीन अवैध देसी कट्टे बरामद किए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 25 लाख 18 हजार रुपये बताई गई है।

पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में पहले से गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भोपाल देहात जोन के आईजीपी की ओर से 30 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

पूरे मामले का खुलासा एसपी रोहित काशवानी ने पुलिस कंट्रोल रूम में प्रेस वार्ता के दौरान किया। लूटकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके बेहतर काम के लिए सम्मानित भी किया गया।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire