Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP News: इटारसी स्टेशन पर 44 लाख की चांदी के साथ दो युवक गिरफ्तार, 19 किलो आभूषण बरामद

MP News: इटारसी स्टेशन पर 44 लाख की चांदी के साथ दो युवक गिरफ्तार, 19 किलो आभूषण बरामद
X

MP News: भोपाल/इटारसी। इटारसी जंक्शन पर नियमित चेकिंग के दौरान जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों के कब्जे से करीब 19 किलो चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। जब्त किए गए जेवरों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 44 लाख रुपये बताई जा रही है। दोनों युवक आभूषणों से संबंधित कोई वैध बिल या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद पुलिस ने पूरी खेप जब्त कर ली।

जीआरपी के अनुसार, प्लेटफॉर्म नंबर 2-3 पर चेकिंग अभियान के दौरान दो युवक भारी बैग लेकर संदिग्ध हालत में घूमते दिखाई दिए। तलाशी लेने पर बैगों से बड़ी मात्रा में चांदी की पायल, चेन और अन्य आभूषण बरामद हुए। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे ये आभूषण पिपरिया और अन्य शहरों के व्यापारियों तक पहुंचाने जा रहे थे, लेकिन सामान के स्वामित्व या खरीद-बिक्री से जुड़े कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके।

पुलिस ने दोनों युवकों की पहचान राकेश जाट और लक्की राजवानी, दोनों निवासी भोपाल, के रूप में की है। प्रारंभिक कार्रवाई के तहत धारा 106 बीएनएसएस के तहत चांदी के आभूषण जब्त किए गए। नियमानुसार दोनों को नोटिस देकर छोड़ा गया है, जबकि मामले की जांच जारी है।

पुलिस को आशंका है कि मामला बिना वैध दस्तावेज के कीमती आभूषणों के परिवहन और संभावित कर (जीएसटी) अनियमितताओं से जुड़ा हो सकता है। इसी को देखते हुए पूरे मामले की जानकारी जीएसटी विभाग को भी भेज दी गई है, ताकि दस्तावेजों और लेन-देन की वैधानिक जांच की जा सके। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि जब्त चांदी का कारोबार पूरी तरह वैध था या इसमें किसी तरह की वित्तीय अनियमितता शामिल है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire