Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP News : स्कूल का प्रॉपर्टी टैक्स घटाने के लिए रिश्वत, 25 हजार लेते पंचायत सचिव गिरफ्तार

लोकायुक्त इंदौर की ट्रैप कार्रवाई, स्कूल का टैक्स कम करने के लिए मांगी थी 50 हजार रुपये की रिश्वत

MP News : स्कूल का प्रॉपर्टी टैक्स घटाने के लिए रिश्वत, 25 हजार लेते पंचायत सचिव गिरफ्तार
X

MP News : खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में लोकायुक्त इंदौर की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत नाहल्दा के सचिव कृष्ण देव पटेल को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि सचिव ने एक निजी स्कूल का प्रॉपर्टी टैक्स कम करने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।

टैक्स कम करने के बदले मांगे थे 50 हजार रुपये

जानकारी के अनुसार, नाहल्दा निवासी लक्ष्मण सिंह चौहान जिले में संचालित एक निजी स्कूल के संस्थापक हैं। स्कूल का संचालन उनके पुत्र करते हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पंचायत सचिव कृष्ण देव पटेल ने स्कूल का प्रॉपर्टी टैक्स कम करने के बदले 50 हजार रुपये की मांग की थी। सचिव ने स्कूल पर करीब 2 लाख 20 हजार रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया बताया था।

रिश्वत की मांग से परेशान होकर लक्ष्मण सिंह चौहान ने 5 अक्टूबर 2026 को लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई।

चाय की दुकान के सामने बिछाया जाल

शुक्रवार, 9 अक्टूबर को लोकायुक्त की टीम ने कार्रवाई करते हुए मेडिकल चौराहे के पास एक चाय की दुकान के सामने पंचायत सचिव को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ लिया। कार्रवाई का नेतृत्व निरीक्षक प्रतिभा तोमर ने टीम के अन्य सदस्यों के साथ किया। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी सचिव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire