Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP News : लोकायुक्त का डबल एक्शन: तहसील कार्यालय का बाबू और नगर निगम का इंजीनियर रिश्वत लेते गिरफ्तार

MP News : लोकायुक्त का डबल एक्शन: तहसील कार्यालय का बाबू और नगर निगम का इंजीनियर रिश्वत लेते गिरफ्तार
X

MP News : भोपाल। मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त ने एक ही दिन दो बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए नरसिंहपुर और ग्वालियर में दो सरकारी कर्मचारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त ने योजना बनाकर कार्रवाई की और आरोपियों को रिश्वत की रकम स्वीकार करते ही दबोच लिया।

पहली कार्रवाई नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा तहसील कार्यालय में हुई, जहां तहसीलदार कार्यालय में पदस्थ बाबू अजय उर्फ अज्जू श्रीवास्तव को 3,000 की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि उन्होंने जमीन के नक्शा दुरुस्तीकरण (नक्शा सुधार) के एवज में रिश्वत मांगी थी। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त की टीम ने ट्रैप बिछाया और केमिकल लगे नोट लेते ही आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। हाथ धुलाने पर पानी का रंग गुलाबी हो गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई।

वहीं दूसरी कार्रवाई ग्वालियर नगर निगम में की गई, जहां एक्जीक्यूटिव इंजीनियर सुशील कटारे को 6,000 की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि उन्होंने एक फाइल आगे बढ़ाने के बदले शिकायतकर्ता से कुल 36,000 की मांग की थी। शिकायतकर्ता पहले ही 30,000 दे चुका था, जबकि बची हुई 6,000 की राशि लेते समय लोकायुक्त टीम ने उन्हें रंगे हाथ दबोच लिया।

दोनों मामलों में लोकायुक्त पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire