Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP News : ‘बस मिट्ठू घर लौट आए…’ ग्वालियर में लापता तोते की तलाश में परिवार ने रखा 50 हजार का इनाम

MP News : ‘बस मिट्ठू घर लौट आए…’ ग्वालियर में लापता तोते की तलाश में परिवार ने रखा 50 हजार का इनाम
X

MP News : ग्वालियर। इंसान और बेजुबान के बीच अटूट रिश्ते की एक भावुक तस्वीर मध्यप्रदेश के ग्वालियर से सामने आई है। यहां एक परिवार अपनी पालतू मादा तोता ‘शकुंतला’ उर्फ ‘मिट्ठू’ के बिछड़ने से गहरे सदमे में है। तीन दिन पहले घर से उड़ गई मिट्ठू की तलाश में परिवार ने शहरभर में अभियान छेड़ दिया है और उसे सुरक्षित वापस लाने वाले के लिए 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।

ग्वालियर के अलकापुरी-कलेक्ट्रेट रोड स्थित एनजी ग्रांड में रहने वाले अनिल ओझा के परिवार के लिए मिट्ठू सिर्फ एक पालतू पक्षी नहीं, बल्कि परिवार का सदस्य थी। उसके अचानक लापता होने के बाद घर की बुजुर्ग मां और छोटी बेटी सबसे ज्यादा परेशान हैं। परिवार का कहना है कि उन्हें सिर्फ अपनी मिट्ठू की सलामत वापसी चाहिए।

अनिल ओझा ने बताया कि करीब एक साल पहले मिट्ठू उनके घर आई थी। उसे कभी पिंजरे में नहीं रखा गया। वह पूरे घर में स्वतंत्र रूप से उड़ती-फिरती थी और परिवार के सदस्यों के कंधों व हाथों पर आकर बैठ जाती थी। सोमवार को गलती से खिड़की खुली रह गई, जिससे वह बाहर उड़ गई और फिर वापस नहीं लौटी।

मिट्ठू की तलाश में परिवार ने शहरभर में पोस्टर लगवाए हैं। इसके अलावा ई-रिक्शा पर लाउडस्पीकर लगाकर अलग-अलग इलाकों में मुनादी भी कराई जा रही है। अब तक इस खोज अभियान पर परिवार करीब 8 हजार रुपये खर्च कर चुका है।

परिवार का कहना है कि 50 हजार रुपये का इनाम केवल लोगों को खोज में मदद के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से रखा गया है। उनके लिए सबसे बड़ी खुशी यही होगी कि मिट्ठू सुरक्षित अपने घर लौट आए।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire