Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP News : गणेश विसर्जन के दौरान बुझ गई दो घरों की खुशियां, गहरे पानी में डूबे सगे भाई, 6 घंटे बाद मिले शव

खंडवा के नहल्दा गांव में गिट्टी खदान के पानी भरे गड्ढे में हुआ हादसा, पांच बच्चे डूबने लगे, तीन को बचाया गया; SDRF और गोताखोरों की टीम ने छह घंटे बाद दोनों भाइयों के शव बरामद किए.

MP News : गणेश विसर्जन के दौरान बुझ गई दो घरों की खुशियां, गहरे पानी में डूबे सगे भाई, 6 घंटे बाद मिले शव
X

MP News : खंडवा। गणेश विसर्जन की खुशियों के बीच खंडवा के नहल्दा गांव में दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। गणेश प्रतिमा विसर्जित करने पहुंचे पांच बच्चे पानी में डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दो सगे भाई गहरे पानी में चले गए। करीब छह घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों के शव बरामद किए गए।

हादसा शुक्रवार शाम करीब 5 बजे हुआ। भाजपा मंडल उपाध्यक्ष मिंटू पाठक के बेटे लक्ष्य (15) और विश्वास (17) अपने तीन साथियों के साथ गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए पहुंचे थे। बताया गया कि जिस स्थान पर बच्चे विसर्जन करने गए थे, वह पारंपरिक तालाब नहीं था, बल्कि गिट्टी खदान क्षेत्र में खुदाई से बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी जमा था।

प्रतिमा विसर्जन के दौरान अचानक पांचों बच्चे गहरे पानी में जाने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए तीन बच्चों को बाहर निकाल लिया, लेकिन लक्ष्य और विश्वास का पता नहीं चल सका।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और एसडीआरएफ की करीब 15 सदस्यीय टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। कई घंटों की कोशिश के बाद भी दोनों भाइयों का सुराग नहीं मिला। इसके बाद ओंकारेश्वर से प्रशिक्षित गोताखोरों को बुलाया गया। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद रात लगभग 11 बजे दोनों के शव पानी से बाहर निकाले जा सके।

कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बताया कि हादसे वाली जगह गणेश विसर्जन के लिए निर्धारित स्थल नहीं थी। गांव में विसर्जन के लिए पारंपरिक तालाब मौजूद है, लेकिन बच्चे पानी भरे गड्ढों वाले क्षेत्र में पहुंच गए थे।

रेस्क्यू अभियान के दौरान खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे और महापौर अमृता यादव भी मौके पर मौजूद रहीं। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। दोनों शवों को जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा। प्रशासन की ओर से नियमानुसार आर्थिक सहायता दिए जाने की बात कही गई है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire