Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP News : कर्ज के जाल में फंसे शेफ की पेड़ पर लटका मिला शव, सुसाइड नोट में सूदखोरों पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप

MP News : कर्ज के जाल में फंसे शेफ की पेड़ पर लटका मिला शव, सुसाइड नोट में सूदखोरों पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप
X

MP News : भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कर्ज और कथित अवैध वसूली के दबाव से जुड़ा एक दर्दनाक मामला सामने आया है। रातीबड़ थाना क्षेत्र में एक 37 वर्षीय शेफ का शव कलियासोत डैम के पास पेड़ से लटका मिला। मौके से मिले सुसाइड नोट में मृतक ने सूदखोरों और रिकवरी एजेंटों पर लगातार मानसिक प्रताड़ना और भारी ब्याज वसूली का आरोप लगाया है। पुलिस अब सुसाइड नोट को जांच का अहम आधार मानकर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।

मृतक की पहचान ब्रज धाम निवासी राम श्रवण पटेल के रूप में हुई है, जो कोलार रोड स्थित एक निजी बंगले में शेफ के तौर पर काम करते थे। परिजनों के मुताबिक वह घर से ड्यूटी पर जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। अगले दिन उनका शव कलियासोत डैम के 13 शटर के पास एक पेड़ से फंदे पर लटका मिला।

पुलिस जांच में सामने आया है कि राम श्रवण ने मकान निर्माण के लिए करीब 3.70 लाख रुपये का कर्ज लिया था। सुसाइड नोट में उन्होंने आरोप लगाया है कि मूल रकम लौटाने के बाद भी उनसे प्रतिदिन 10 हजार रुपये ब्याज देने का दबाव बनाया जा रहा था। लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक तनाव से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया।

जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि मृतक ने चार दिन पहले भी जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन उस समय उनकी जान बच गई थी। इसके बावजूद कथित दबाव और वसूली का सिलसिला नहीं रुका।

रातीबड़ पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सुसाइड नोट में उल्लेखित लोगों की भूमिका, मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में यदि प्रताड़ना या अवैध वसूली के आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire