Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP Crime : प्रेम प्रसंग में किशोरी की गला घोंटकर हत्या, शादी से इनकार पर वारदात, 2 आरोपी गिरफ्तार

ग्वालियर के कैंसर पहाड़िया में वारदात, प्रेमी ने शादी से इनकार पर साथी के साथ मिलकर दुपट्टे से घोंटा गला; पुलिस ने कार भी जब्त की।

MP Crime : प्रेम प्रसंग में किशोरी की गला घोंटकर हत्या, शादी से इनकार पर वारदात, 2 आरोपी गिरफ्तार
X

MP Crime : ग्वालियर। कैंसर पहाड़िया पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिली किशोरी की मौत के मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेम प्रसंग और शादी से इनकार के चलते किशोरी की गला घोंटकर हत्या की गई थी। मामले में कंपू थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

शादी को लेकर चल रहा था विवाद

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ईशान खान और अरबाज खान के रूप में हुई है। दोनों आरोपी करीब ढाई साल से किशोरी के परिचित थे। बताया गया कि किशोरी और ईशान के बीच प्रेम संबंध था और ईशान उससे शादी करना चाहता था। वहीं, किशोरी की शादी मुरैना निवासी एक युवक से तय होने की बात चल रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई थी।

काम से लौटते वक्त कार में बैठाया

मृतका एक साड़ी की दुकान पर सेल्सगर्ल के तौर पर काम करती थी। पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात काम खत्म करने के बाद जब वह घर लौट रही थी, तभी ईशान और अरबाज उसे कार में बैठाकर कैंसर पहाड़िया की ओर ले गए। वहां पहुंचने के बाद ईशान ने किशोरी से आखिरी बार पूछा कि क्या वह उससे शादी करेगी। किशोरी के इनकार करने पर दोनों आरोपियों ने उसके दुपट्टे से गला घोंट दिया। इसके बाद शव को कैंसर पहाड़िया क्षेत्र में छोड़ दिया गया।

कार जब्त, आरोपियों से पूछताछ जारी

घटना की सूचना मिलने के बाद कंपू थाना पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire