Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP Crime : दूसरी बेटी के जन्म से टूटी मां, अस्पताल के प्रसूता वार्ड में 1 दिन की नवजात की गला दबाकर की हत्या

अशोकनगर जिला अस्पताल में नवजात की संदिग्ध मौत का खुलासा, पोस्टमार्टम में गला दबाने की पुष्टि; बेटे की चाहत और दूसरी बेटी के जन्म से तनाव में थी आरोपी मां

MP Crime : दूसरी बेटी के जन्म से टूटी मां, अस्पताल के प्रसूता वार्ड में 1 दिन की नवजात की गला दबाकर की हत्या
X

MP Crime : अशोकनगर। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिला अस्पताल से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां महज एक दिन की नवजात बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जांच में सामने आया कि बच्ची की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसकी मां ने ही की थी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

पोस्टमार्टम में हुआ हत्या का खुलासा

3 अक्टूबर को जिला अस्पताल के प्रसूता वार्ड में नवजात बच्ची की मौत की सूचना कोतवाली पुलिस को मिली थी। शुरुआत में मौत संदिग्ध मानी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि बच्ची की मौत सामान्य कारणों से नहीं हुई, बल्कि गला दबाने के कारण उसकी जान गई थी।

वार्ड में CCTV नहीं, फिर ऐसे पहुंची पुलिस आरोपी तक

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में पुलिस ने जांच शुरू की। प्रसूता वार्ड के अंदर CCTV कैमरे नहीं होने से जांच चुनौतीपूर्ण थी। पुलिस ने वार्ड के आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाली और परिवार के सदस्यों से अलग-अलग पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान बयानों में अंतर और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का शक बच्ची की मां पर गहराने लगा। इसके बाद संवेदनशील तरीके से पूछताछ की गई, जिसमें महिला ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

बेटे की चाहत और दूसरी बेटी का जन्म बना वजह

पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि उसकी पहले से एक बेटी है। परिवार और समाज में बेटे को लेकर होने वाली चर्चाओं के चलते उसे इस बार बेटे की उम्मीद थी। लेकिन 2 अक्टूबर की देर रात उसने एक और बेटी को जन्म दिया। इसके बाद वह मानसिक तनाव में आ गई और इसी विचलित अवस्था में उसने नवजात का गला दबा दिया। पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire