Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP Crime : पेड़ पर फंदे से लटका मिला मां का शव, कुएं में दो मासूमों की लाश, हत्या या आत्महत्या की जांच

टीकमगढ़ के दिगौड़ा थाना क्षेत्र की घटना, परिजनों ने पति और ससुर पर लगाए हत्या के आरोप, पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच

MP Crime : पेड़ पर फंदे से लटका मिला मां का शव, कुएं में दो मासूमों की लाश, हत्या या आत्महत्या की जांच
X

MP Crime : टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से सनसनी फैल गई। दिगौड़ा थाना क्षेत्र के लाड़गंज मोहल्ले में खेत के पास 25 वर्षीय महिला का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला, जबकि कुछ दूरी पर स्थित कुएं में उसके छह वर्षीय बेटी और चार वर्षीय बेटे के शव मिले। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

मां का शव पेड़ पर, कुएं में मिले बच्चों के शव

पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान रश्मि कुशवाहा के रूप में हुई है। गुरुवार सुबह उसका शव खेत में पेड़ से लटका मिला। पास के कुएं में उसकी बेटी पूर्वा कुशवाहा (6) और बेटे हार्दिक कुशवाहा (4) के शव तैरते मिले।

पुलिस प्रारंभिक तौर पर इस घटना को आत्महत्या के एंगल से भी देख रही है। आशंका है कि महिला ने पहले बच्चों को कुएं में धकेला और बाद में खुद फांसी लगा ली। हालांकि, पुलिस ने किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है और हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।

मायके वालों ने पति और ससुर पर लगाए गंभीर आरोप

घटना के बाद मृतका के परिजनों ने उसके पति राहुल कुशवाहा और ससुर कनछेदी पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि ससुराल में महिला को परेशान किया जाता था और उसका पति शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था।

परिजनों के अनुसार, विवाद के बाद रश्मि कुछ दिन पहले बच्चों के साथ मायके चली गई थी। बाद में पति उसे यह भरोसा दिलाकर वापस ससुराल ले गया था कि अब उसके साथ मारपीट नहीं करेगा।

पहले भी जान देने की कोशिश का दावा

परिजनों के मुताबिक, पारिवारिक विवाद के चलते रश्मि ने पहले भी कीटनाशक पीकर जान देने की कोशिश की थी। हालांकि, समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई थी।

फिलहाल पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या, आत्महत्या या किसी अन्य साजिश—घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या है, इसका खुलासा पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire