Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP Crime : बेटी की मौत पर मां का बड़ा आरोप, पति और देवर ने फांसी पर लटकाया, जांच में जुटी पुलिस

डबरा के पथरियापुरा गांव में युवती की संदिग्ध मौत, मां ने पिता-चाचा पर हत्या का आरोप लगाया; भाई-बहन को भी नुकसान पहुंचाने का दावा।

MP Crime : बेटी की मौत पर मां का बड़ा आरोप, पति और देवर ने फांसी पर लटकाया, जांच में जुटी पुलिस
X

MP Crime : डबरा। मध्य प्रदेश के डबरा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पिछोर थाना क्षेत्र के पथरियापुरा गांव में एक युवती की मौत के बाद उसके पिता और चाचा पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मृतका की मां ने आरोप लगाया है कि उसके पति और देवर ने मिलकर बेटी को फांसी के फंदे पर लटका दिया। साथ ही, छोटे बेटे और बेटी को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश का आरोप लगाया गया है।

मां ने पति और देवर पर लगाए गंभीर आरोप

मृतका की पहचान नंदनी यादव के रूप में हुई है। उसकी मां सुमन यादव का आरोप है कि पति भगवान सिंह यादव और देवर संतोष यादव ने मिलकर नंदनी को फांसी पर लटका दिया। महिला ने घरेलू विवाद के साथ-साथ मामले के ऑनर किलिंग से जुड़े होने की आशंका भी जताई है। घटना के बाद मां पुलिस की मदद से नंदनी को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल डबरा लेकर पहुंची। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

भाई-बहन को भी नुकसान पहुंचाने का आरोप

मां ने आरोप लगाया है कि घटना के दौरान आरोपियों ने नंदनी के छोटे भाई और बहन को भी जान से मारने की कोशिश की। इस आरोप के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए परिवार के सदस्यों से पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलने के बाद पिछोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पिता भगवान सिंह यादव और चाचा संतोष यादव पर लगे आरोपों की भी जांच की जा रही है। एसडीओपी सौरभ कुमार के मुताबिक, पिछोर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ा दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire