MP Crime : लिव-इन पार्टनर की हत्या कर पचनदा नदी में फेंका शव, तलाश जारी
भिंड में स्नेहलता की हत्या का आरोप, कानपुर घुमाने के बहाने ले गया था आरोपी; पुलिस और SDRF की टीम पचनदा नदी में तलाश रही शव।

MP Crime : भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड में लिव-इन पार्टनर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी सत्यप्रकाश उर्फ बादशाह जाटव पर अपनी लिव-इन पार्टनर स्नेहलता की हत्या कर शव उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में पचनदा नदी में फेंकने का आरोप है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम नदी में शव की तलाश कर रही है, लेकिन अब तक उसका पता नहीं चल सका है। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे बेटे की चाहत को वजह बताया जा रहा है।
कानपुर घुमाने के बहाने ले गया था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, बिहार निवासी स्नेहलता कई सालों से सत्यप्रकाश के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। आरोपी पहले से शादीशुदा बताया जा रहा है। दोनों का एक बेटा भी है। जांच के अनुसार, 8 अक्टूबर को आरोपी स्नेहलता को कानपुर घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया था। आरोप है कि इसी दौरान उसने स्नेहलता की हत्या कर दी और शव उत्तर प्रदेश के पचनदा नदी में फेंक दिया।
हत्या के बाद गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई
मामले में एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। आरोप है कि हत्या के बाद आरोपी ने स्नेहलता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और उसकी तलाश के लिए पर्चे भी छपवाए, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। हालांकि, पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की। पुलिस अब मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
नदी में शव की तलाश जारी
घटना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम पचनदा नदी में स्नेहलता के शव की तलाश में जुटी हुई है। अब तक शव बरामद नहीं हुआ है। पुलिस की जांच में हत्या के पीछे की परिस्थितियों और कथित मकसद को लेकर आगे की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल, मामले में शव की बरामदगी और जांच के अन्य निष्कर्षों का इंतजार है।


