Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP Crime : Instagram की दोस्ती बनी हत्या की वजह, भांजी से फोन करवाकर युवक को बुलाया, मामा ने पत्थरों से कुचलकर मार डाला

पन्ना के बृजपुर में किशोरी के मामा पर हत्या का आरोप, भांजी से फोन कराकर युवक को जंगल में बुलाया; पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया, दूसरा आरोपी फरार

MP Crime : Instagram की दोस्ती बनी हत्या की वजह, भांजी से फोन करवाकर युवक को बुलाया, मामा ने पत्थरों से कुचलकर मार डाला
X

MP Crime : पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के बृजपुर थाना क्षेत्र में Instagram पर शुरू हुई दोस्ती का खौफनाक अंत हत्या के रूप में हुआ। आरोप है कि एक किशोरी से युवक की नजदीकियों से नाराज उसके मामा ने भांजी के जरिए युवक को मिलने के बहाने बुलाया और अपने साथी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को जंगल में चट्टानों की दरार के बीच छिपा दिया गया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम नानकी निवासी संदीप गौड़ की पहचान पास के गांव की एक किशोरी से Instagram के जरिए हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने की जानकारी किशोरी के 26 वर्षीय मामा नीरज उर्फ नल्लू गौड़ को हुई। उसने दोनों को संपर्क खत्म करने की चेतावनी दी थी, लेकिन बातचीत जारी रहने पर आरोपी ने युवक को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

बताया जा रहा है कि 9 सितंबर की रात किशोरी के फोन से संदीप को खेतों के पास मिलने के लिए बुलाया गया। संदीप के वहां पहुंचते ही पहले से मौजूद नीरज और उसके साथी राजबहादुर ने उसे पकड़ लिया और जंगल की ओर ले गए। पुलिस के मुताबिक, वहां भारी पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।

वारदात के बाद आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए शव को जंगल में चट्टानों की दरार में पत्थरों के नीचे छिपा दिया। संदीप के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने 10 सितंबर को बृजपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।

पुलिस ने जांच के दौरान कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से मामले की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं। जांच के बाद 12 सितंबर को जंगल से संदीप का शव बरामद किया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी नीरज उर्फ नल्लू गौड़ को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया खून लगा पत्थर और मोबाइल फोन जब्त किया है।

मामले में नाबालिग किशोरी को भी पुलिस ने संरक्षण में लिया है, जबकि दूसरा आरोपी राजबहादुर फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम और हत्या की साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire