Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP Crime : ड्रग नेटवर्क का खुलासा, 38.56 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 6 आरोपी गिरफ्तार

राजस्थान-भोपाल से विदिशा तक फैली सप्लाई चेन पर कार्रवाई, ईकोस्पोर्ट कार, बाइक, 5 मोबाइल और 2 इलेक्ट्रॉनिक कांटे समेत 16.50 लाख का मशरूका जब्त

MP Crime : ड्रग नेटवर्क का खुलासा, 38.56 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 6 आरोपी गिरफ्तार
X

MP Crime : विदिशा। ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत विदिशा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 38.56 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 16.50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक जांच में राजस्थान से भोपाल होते हुए विदिशा तक मादक पदार्थों की सप्लाई चेन से जुड़े इनपुट सामने आए। इसके बाद गंजबासौदा क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर ब्राउन शुगर की कथित फुटकर बिक्री से जुड़े लोगों पर कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ईकोस्पोर्ट कार, मोटरसाइकिल, 5 मोबाइल फोन और 2 इलेक्ट्रॉनिक कांटे भी जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी सप्लायर से लेकर लोकल डीलर और डिलीवरी नेटवर्क तक जुड़े हुए थे।

जांच में यह भी सामने आया कि ड्रग की खरीद-फरोख्त में PhonePe के जरिए डिजिटल भुगतान किया जाता था और WhatsApp के माध्यम से डेड-ड्रॉप लोकेशन के वीडियो भेजे जाते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े आर्थिक लेनदेन की भी जांच कर रही है और संबंधित बैंक खातों को फ्रीज करने की प्रक्रिया जारी है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी और एसडीओपी गंजबासौदा शिखा भलावी के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में गंजबासौदा शहर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय वेदिया सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और मादक पदार्थों की सप्लाई के स्रोत के संबंध में जानकारी जुटा रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire