MP Accident : करवा चौथ पर पसरा मातम, सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन युवकों की मौत
मुरैना में नेशनल हाईवे-44 पर ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, दो सगे भाइयों समेत तीन मजदूरों की गई जान

MP Accident : मुरैना। करवा चौथ के दिन मुरैना में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई कल्लू और गोपी भी शामिल हैं। घटना के बाद गांव में शोक और मातम का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में क्वारी नदी और घिरोना हनुमान मंदिर के बीच हाईवे पर हुआ। ग्राम हिंगोना कलां निवासी तीनों युवक जरेरुआ गांव स्थित एक औद्योगिक इकाई में मजदूरी करने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। बारिश के कारण बाइक की रफ्तार धीमी थी। इसी दौरान मुरैना से धौलपुर की ओर जा रहे एक ट्रक ने पीछे से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों मजदूर ट्रक की चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि ट्रक एक युवक और बाइक को कुछ दूरी तक घसीटता ले गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकीय परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने कल्लू, गोपी और प्रकाश को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए डेड हाउस में रखवाए।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन और ग्रामीण जिला अस्पताल पहुंच गए। तीन युवकों की मौत की खबर से पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, दुर्घटना के बाद फरार हुए ट्रक और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।


