Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP Accident : राजगढ़ में दर्दनाक हादसा, तालाब में गिरी कार, एक ही गांव के 5 लोगों की मौत

खुजनेर थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर तालाब में समाई कार, पुलिस ने रेस्क्यू कर निकाले शव, मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी

MP Accident : राजगढ़ में दर्दनाक हादसा, तालाब में गिरी कार, एक ही गांव के 5 लोगों की मौत
X

MP Accident : राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पांच परिवारों की खुशियां छीन लीं। खुजनेर थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित तालाब में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग शाजापुर जिले के अवंतीपुर बड़ौदिया थाना क्षेत्र के अरनिया खुर्द गांव के रहने वाले थे। हादसे की सूचना मिलते ही खुजनेर थाना प्रभारी रवि ठाकुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रेस्क्यू के दौरान थाना प्रभारी स्वयं भी तालाब में उतरकर बचाव कार्य में जुट गए। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कार को बाहर निकाला गया, जिसमें से पांच शव बरामद किए गए। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए खुजनेर अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। कार में मिले दस्तावेजों के आधार पर एक मृतक की पहचान गोविंद तिवारी के रूप में होने की जानकारी सामने आई है। अन्य मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire