Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

MP News : 15 लाख की चोरी से मचा हड़कंप, पड़ोसियों ने रंगे हाथ पकड़वाया चोर, फिर भी पुलिस को चकमा देकर फरार

पड़ोसियों की सतर्कता और डायल-112 की टीम के मौके पर पहुंचने के बावजूद आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा।

MP News : 15 लाख की चोरी से मचा हड़कंप, पड़ोसियों ने रंगे हाथ पकड़वाया चोर, फिर भी पुलिस को चकमा देकर फरार
X

MP News : सतना। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये के गहने और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि पड़ोसियों की सतर्कता और डायल-112 की टीम के मौके पर पहुंचने के बावजूद आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा।

जानकारी के मुताबिक, एफसीआई गोदाम के पास किराए के मकान में रहने वाले आशीष मिश्रा का परिवार बुधवार को घर से बाहर था। उनकी पत्नी बेटी के साथ मायके गई हुई थीं, जबकि आशीष इंदौर से सतना लौट रहा था। देर रात करीब 1ः30 बजे पड़ोसियों ने बंद घर में लाइट जलती देख संदेह जताया और तुरंत आशीष को सूचना दी।

आशीष ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर के भीतर से एक संदिग्ध को पकड़ भी लिया था, लेकिन वह पुलिस की पकड़ से निकलकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि एक अन्य बदमाश पहले ही पीछे के रास्ते से भाग चुका था।

सुबह जब परिवार घर पहुंचा तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गया। अलमारियां, सूटकेस, पेटियां और दीवान पूरी तरह खंगाले जा चुके थे। पीड़ित परिवार के अनुसार करीब 15 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी हुई है।

पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने कहा कि उसने रात में दो संदिग्धों को घर में घुसते देखा था। सूचना देने के बाद भी दोनों बदमाश पुलिस कार्रवाई के बावजूद भाग निकलने में सफल रहे, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है।

मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब पीड़ित परिवार गुरुवार सुबह शिकायत लेकर सिविल लाइन थाने पहुंचा। आरोप है कि थाने का चैनल गेट बंद था और काफी देर तक आवाज लगाने के बाद भी कोई पुलिसकर्मी बाहर नहीं आया। इस घटना से लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire