Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

MP News : लूट की कहानी निकली झूठी, गर्भवती महिला ने पति संग रचा 50 लाख की डकैती का ड्रामा, 24 घंटे में खुला राज

पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मामले का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया है।

MP News : लूट की कहानी निकली झूठी, गर्भवती महिला ने पति संग रचा 50 लाख की डकैती का ड्रामा, 24 घंटे में खुला राज
X

MP News : ग्वालियर। दिनदहाड़े हथियार की नोक पर गर्भवती महिला से करोड़ों की लूट जैसी दिखने वाली सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिस महिला ने खुद को पीड़ित बताकर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, वही इस पूरे षड्यंत्र की मास्टरमाइंड निकली। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मामले का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया है।

4 जून को डबरा की सचदेवा कॉलोनी में हुई कथित लूट की घटना ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया था। शिकायत के अनुसार, घर में मौजूद गर्भवती महिला पिंकी श्रीवास्तव को दो नकाबपोश बदमाशों ने बंदूक की नोक पर बंधक बनाकर मारपीट की और अलमारी से लाखों रुपये नकद तथा करीब 46 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को कुछ संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं। जांच आगे बढ़ी तो पुलिस ने शुभम श्रीवास्तव और सोनू जाटव को हिरासत में लिया। पूछताछ में जो सच सामने आया, उसने सभी को हैरान कर दिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी शुभम श्रीवास्तव कोई और नहीं बल्कि शिकायतकर्ता पिंकी का पति है। आर्थिक तंगी से जूझ रहे शुभम और पिंकी अपनी ननद रानू श्रीवास्तव के घर रह रहे थे। इसी दौरान पिंकी को पता चला कि रानू की अलमारी में बड़ी मात्रा में नकदी और कीमती जेवर रखे हुए हैं। इसके बाद उसने पति और उसके साथियों के साथ मिलकर पूरी साजिश तैयार की।

योजना के तहत रानू के नौकरी पर जाने के बाद शुभम और उसका साथी एसी मैकेनिक बनकर घर पहुंचे। पिंकी ने पहले से तय स्क्रिप्ट के अनुसार उन्हें घर में प्रवेश दिलाया। इसके बाद नकदी और जेवर निकाल लिए गए। वारदात को असली लूट का रूप देने के लिए पिंकी ने खुद को पीड़ित दिखाया, शोर मचाया और बाद में थाने पहुंचकर लूट की झूठी रिपोर्ट दर्ज करा दी।

लेकिन पुलिस की तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज ने साजिश की परतें खोल दीं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पूरा माल बरामद कर लिया है और सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire