Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP News : शॉर्ट सर्किट से उजड़ा परिवार, बंद घर में आग लगने से तीन मासूमों की मौत

घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है।

MP News : शॉर्ट सर्किट से उजड़ा परिवार, बंद घर में आग लगने से तीन मासूमों की मौत
X

MP News : सीधी। जमोड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम काशीहवा में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में घर के अंदर मौजूद तीन मासूम बच्चों की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार दोपहर करीब 1 बजे हुआ। ग्रामीणों ने बताया कि घर के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार में अचानक स्पार्किंग हुई, जिससे पास में रखे बांस में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे कच्चे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। उस समय घर बाहर से बंद था और अंदर तीन छोटे बच्चे मौजूद थे, जो बाहर नहीं निकल सके।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक तीनों बच्चों की मौत हो चुकी थी। हादसे में डेढ़ वर्षीय रिधि साकेत, 6 वर्षीय धुम्मू उर्फ संध्या साकेत और 3 वर्षीय एक अन्य मासूम की जान चली गई।

बच्चों के पिता रामरतन साकेत ने बताया कि वह मजदूरी के लिए सीधी शहर गए हुए थे, जबकि बच्चों की मां राशन लेने दुकान गई थी। इसी दौरान गांव से फोन कर घर में आग लगने की सूचना दी गई। मौके पर मध्य प्रदेश पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे।

जिला कलेक्टर विकास मिश्रा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में मामला शॉर्ट सर्किट से आग लगने का प्रतीत हो रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire