Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP News : एरियर भुगतान के बदले मांगी रिश्वत, 4 हजार लेते ही लोकायुक्त के जाल में फंसा स्कूल लेखापाल

आरोपी लेखापाल के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

MP News : एरियर भुगतान के बदले मांगी रिश्वत, 4 हजार लेते ही लोकायुक्त के जाल में फंसा स्कूल लेखापाल
X

MP News : बालाघाट। सरकारी कर्मचारी के बकाया भुगतान को जारी करने के एवज में रिश्वत मांगना एक स्कूल लेखापाल को भारी पड़ गया। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में लोकायुक्त की टीम ने शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कायदी के लेखापाल वोमेंद्र कुमार रोकड़े को 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

मामला एक सहायक शिक्षक के लंबित एरियर भुगतान से जुड़ा है। शिकायतकर्ता शिक्षक नरेंद्र कुमार डोहरे को वेतन विसंगति के कारण जुलाई 2017 से दिसंबर 2023 तक का एरियर मिलना था। कुल स्वीकृत राशि में से अधिकांश भुगतान हो चुका था, लेकिन शेष 27,528 रुपये जारी करने के लिए कथित तौर पर लेखापाल ने रिश्वत की मांग कर दी।

शिक्षक ने रिश्वत देने के बजाय इसकी शिकायत लोकायुक्त कार्यालय में की। प्रारंभिक जांच और सत्यापन के बाद शिकायत सही पाए जाने पर लोकायुक्त ने ट्रैप की योजना बनाई। तय रणनीति के तहत आरोपी को रिश्वत की रकम लेते ही दबोच लिया गया। लोकायुक्त की टीम ने वारासिवनी स्थित विद्यालय परिसर में कार्रवाई करते हुए आरोपी को शिक्षक कक्ष से गिरफ्तार किया।

कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद की गई। इस पूरे ऑपरेशन को लोकायुक्त निरीक्षक राहुल गजभिए, निरीक्षक जितेंद्र यादव और उनकी टीम ने अंजाम दिया। आरोपी लेखापाल के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire