Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

MP News : भगवान श्रीकृष्ण व श्रीराम से जुड़े स्थलों को तीर्थ बनाया जाएगा- सीएम डॉ. मोहन यादव

MP News : भोपाल/पन्ना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने पन्ना स्थित श्री जुगल किशोर मंदिर

MP News : भगवान श्रीकृष्ण व श्रीराम से जुड़े स्थलों को तीर्थ बनाया जाएगा- सीएम डॉ. मोहन यादव
X
MP News : भोपाल/पन्ना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने पन्ना स्थित श्री जुगल किशोर मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण आख्यान की कला अभिव्यक्तियां ‘‘श्रीकृष्ण पर्व‘‘ में शामिल होकर संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में भगवान श्रीकृष्ण और श्रीराम से जुड़े सभी स्थलों को भाजपा सरकार तीर्थ स्थलों के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है। पन्ना जिले के विकास की हर मांग को भाजपा सरकार पूरा करेगी। भाजपा सरकार भगवान श्रीकृष्ण का अनुसरण करते हुए धर्म के मार्ग पर चल रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार पन्ना जिले का लगातार विकास कर रही है। पन्ना रत्नगर्भा धरती है, इस जिले के विकास को चार चांद लगाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने भजन भी गाए।


MP News : हिंदू समाज को बचाने बुंदेलखंड की धरती ने अग्रणी भूमिका निभाई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पन्ना में भगवान श्री जुगल किशोर जी विराजे हैं। पन्ना वह धरती है, जिस पर जन्म लेने वाले हर बच्चे के जन्मस्थान के नीचे रत्नों का भंडार है। महाराजा छत्रसाल की धरती पर आकर मैं गौरव की अनुभूति कर रहा हूं। बुंदेलखंड की धरती ने हिंदू समाज को बचाने के लिए अग्रणी भूमिका निभाई है। मध्यप्रदेश के रहने वाले हम सभी लोग सौभाग्यशाली हैं कि इस धरती पर भगवान श्रीकृष्ण और प्रभु श्रीराम दोनों ने अपनी लीलाएं दिखाई हैं। भगवान श्री कृष्ण ने उज्जैन में शिक्षा ग्रहण की तो भगवान श्रीराम जी ने वनवास का सबसे अधिक समय चित्रकूट में बिताया। भगवान श्रीराम जी और भगवान श्रीकृष्ण जी से जुड़े सभी स्थलों को मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार तीर्थ स्थल बनाएगी। कोई कुछ भी कहे, लेकिन मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के बताए मार्ग पर चल रही है। भगवान श्रीकृष्ण ने धर्म के मार्ग पर चलना सिखाया है। श्रीकृष्ण ने परंपरा के खिलाफ बदलाव लाने का संदेश दिया है। उन्होंने कंस सहित कई असुरों का अंत कर कालिया नाग के फन पर मुस्कुराकर बुराई को समाप्त करने की हम सभी को सीख दी है।


MP News : श्री जुगल किशोर भगवान के आशीर्वाद से कार्य कर रहा हूं - विष्णुदत्त शर्मा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पन्ना की जनता से कितना स्नेह है कि वे श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या और भगवान बलदाऊ की जन्म जयंती के अवसर पर पन्ना आकर भगवान श्री जुगल किशोर से आशीर्वाद लेकर आपको सौगात देने आए हैं। मध्यप्रदेश में पन्ना टाइगर रिजर्व ने विदेशी पर्यटकों की संख्या में रिकार्ड कायम किया है। पन्ना में मेडिकल कॉलेज, आयुर्वेद कॉलेज, कृषि कॉलेज की सौगात भाजपा सरकार ने दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार के प्रयासों से एनएमडीसी की खदान शुरू हो रही है। मैं भगवान श्री जुगल किशोर और और यहां की जनता के आशीर्वाद से ही जनता की सेवा का कार्य कर रहा हूं। पन्ना में जल्द रेलवे स्टेशन बनकर तैयार हो रहा है, हवाई पट्टी और आधुनिक रूप से तैयार की जा रही है। भाजपा सरकार पन्ना का लगातार विकास कर रही है। श्री जुगल किशोर महालोक का बजट बढ़ाकर और बेहतर कार्य किया जाएगा। पन्ना के विकास को चार चांद लगाएंगे।



MP News : भगवान श्री जुगल किशोर का किया दर्शन
श्री जुगल किशोर मंदिर पहुंचने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा का ग्वाल टोली ने नृत्य से स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने श्री जुगल किशोर मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण का पूजन-अर्चना किया और आयोजन स्थल पर लगाई गई चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को हल भेंट कर स्वागत किया गया। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा का लाड़ली बहनों ने राखी भेंट कर स्वागत किया।

Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire