MP News : एनआईए ने आतंकी फिरोज खान को लेकर जयपुर रवाना, होगी गहन पूछताछ...
एनआईए ने प्रोडक्शन वारंट के आधार पर उसे भोपाल जेल की हाई-सिक्योरिटी अंडा सेल से जयपुर शिफ्ट किया, जहां उससे गहन पूछताछ की जाएगी।

MP News : भोपाल। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने जयपुर सीरियल ब्लास्ट की साजिश में शामिल आतंकी संगठन अल-सूफा के प्रमुख सदस्य फिरोज खान उर्फ सब्जी को पूछताछ के लिए भोपाल सेंट्रल जेल से जयपुर ले जाया गया। फिरोज को कुछ दिन पहले मध्य प्रदेश के रतलाम से गिरफ्तार किया गया था, जहां वह ईद मनाने के लिए अपनी बहन के घर छिपा हुआ था। एनआईए ने प्रोडक्शन वारंट के आधार पर उसे भोपाल जेल की हाई-सिक्योरिटी अंडा सेल से जयपुर शिफ्ट किया, जहां उससे गहन पूछताछ की जाएगी।
MP News : बता दें कि फिरोज खान उर्फ सब्जी, जो अल-सूफा का संस्थापक सदस्य और खजांची था, को 2 अप्रैल 2025 को रतलाम के आनंद कॉलोनी में उसकी बहन रेहाना के घर से गिरफ्तार किया गया था। एनआईए ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था और रतलाम में उसके पोस्टर भी चस्पा किए थे। रतलाम पुलिस को सूचना मिली थी कि फिरोज ईद मनाने के लिए शहर लौटा है और संभवतः कोई बड़ा आतंकी हमला करने की फिराक में है। पुलिस ने चार टीमें गठित कर सुबह 4.30 बजे छापेमारी की, जहां फिरोज ने भागने की कोशिश की और पुलिस के साथ झड़प भी की। हालांकि, उसे दबोच लिया गया।
MP News : जयपुर सीरियल ब्लास्ट की साजिश का खुलासा 30 मार्च 2022 को तब हुआ, जब राजस्थान पुलिस ने निम्बाहेड़ा में एक संदिग्ध वाहन को रोका। वाहन में 12 किलो आरडीएक्स, टाइमर, बैटरी और तार सहित बम बनाने की सामग्री मिली। तीन आतंकियों जुबैर पठान, सैफुल्लाह उर्फ सैफ खान और अलतमाश को गिरफ्तार किया गया, जो अल-सूफा के सदस्य थे। पूछताछ में उन्होंने फिरोज सहित आठ अन्य साथियों के नाम उजागर किए। एनआईए ने मामले की जांच अपने हाथ में ली और अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
MP News : फिरोज, जो तीन साल से फरार था, इस साजिश का आखिरी फरार आरोपी था। गिरफ्तारी के बाद फिरोज को पहले रतलाम कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसे जेल भेज दिया गया। इसके बाद उसे भोपाल सेंट्रल जेल की हाई-सिक्योरिटी अंडा सेल में शिफ्ट किया गया। जहां गुरुवार सुबह एनआईए की एक विशेष टीम भोपाल पहुंची और कड़ी सुरक्षा के बीच फिरोज को प्रोडक्शन वारंट पर जयपुर ले गई। भोपाल हवाई अड्डे पर उसे ले जाते समय भारी सुरक्षा व्यवस्था देखी गई।


