Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

MP News : कटनी में बड़ा रेल हादसा: स्टेशन के पास मालगाड़ी के 5 डिब्बे पटरी से उतरे, कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित

MP News : कटनी में बड़ा रेल हादसा: स्टेशन के पास मालगाड़ी के 5 डिब्बे पटरी से उतरे, कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित
X

MP News : कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी में शनिवार को बड़ा रेल हादसा हो गया। कटनी रेलवे स्टेशन के पास बाबाघाट इलाके में कोयले से लदी एक मालगाड़ी के पांच डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। यह घटना न्यू कटनी जंक्शन (NKJ) और मुख्य कटनी रेलवे स्टेशन के बीच हुई। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत व मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया।

MP News : शहडोल से कटनी की ओर आ रही थी मालगाड़ी

जानकारी के अनुसार मालगाड़ी शहडोल से कोयला लेकर कटनी की ओर आ रही थी। इसी दौरान बाबाघाट के पास ट्रेन के पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद ट्रैक पर बड़ी मात्रा में कोयला फैल गया और रेलवे लाइन को भी नुकसान पहुंचने की खबर है।

MP News : जबलपुर से बुलाई गई तकनीकी टीम

घटना के बाद जबलपुर से रेलवे की तकनीकी टीम को बुलाया गया है। टीम क्रेन और अन्य मशीनों की मदद से डिब्बों को दोबारा पटरी पर लाने और ट्रैक की मरम्मत करने का काम कर रही है। इसके साथ ही पटरियों पर फैले कोयले को हटाने का कार्य भी तेजी से जारी है, ताकि जल्द से जल्द ट्रेनों की आवाजाही सामान्य की जा सके।

MP News : कई ट्रेनों की आवाजाही हुई प्रभावित

इस हादसे के कारण बिलासपुर–बीना रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया है। मुड़वारा से बिलासपुर और शहडोल की ओर जाने वाली कई यात्री और मालगाड़ियां प्रभावित हुई हैं। स्थिति को देखते हुए कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोका गया है।

MP News : पटरी साफ करने का काम जारी

रेलवे कर्मचारी और मजदूर मशीनों की मदद से डिब्बों में भरे कोयले को खाली कर रहे हैं और ट्रैक पर फैले कोयले को हटाया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक की मरम्मत का काम तेजी से चल रहा है और जल्द ही इस रूट पर ट्रेन सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire