Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP News : अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, जमीन के नीचे दफन मिला 2065 लीटर शराब जब्त

MP News : अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, जमीन के नीचे दफन मिला 2065 लीटर शराब जब्त
X

MP News : दतिया। विधानसभा उपचुनाव से पहले जिले में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दतिया पुलिस ने तीन थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश देकर भारी मात्रा में कच्ची शराब और शराब बनाने की सामग्री बरामद की। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 2 हजार 65 लीटर अवैध शराब जब्त की, जबकि मौके पर ही 3 हजार 600 लीटर लहान (कच्ची शराब बनाने का मिश्रण) नष्ट कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये और नष्ट किए गए लहान की कीमत करीब 2 लाख रुपये है।

MP News : सिविल लाइन पुलिस ने हमीरपुर कंजर डेरे पर की कार्रवाई

विशेष अभियान के तहत थाना सिविल लाइन पुलिस ने ग्राम हमीरपुर स्थित कंजर डेरे पर छापेमारी की। यहां से पुलिस ने करीब 1 हजार 900 लीटर कच्ची शराब बरामद की। इसके अलावा पुलिस ने शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले 6 ड्रम लहान, दो भट्टियां और अन्य उपकरणों को मौके पर नष्ट किया। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

MP News : उनाव पुलिस ने 120 लीटर अवैध शराब पकड़ी

थाना उनाव पुलिस ने ग्राम नरगढ़ कंजर डेरे में कार्रवाई करते हुए 120 लीटर हाथभट्टी से बनी अवैध शराब जब्त की। साथ ही करीब 300 लीटर लहान को नष्ट किया गया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी सुस्पेंद्र कंजर के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

MP News : जिगना पुलिस ने भी की बड़ी कार्रवाई

थाना जिगना पुलिस ने ग्राम सनोरा कंजर डेरे में दबिश देकर करीब 1 हजार 400 लीटर लहान नष्ट किया। इसके अलावा पुलिस ने गीता कंजर और रामकुमार अहिरवार के कब्जे से 45 लीटर कच्ची शराब बरामद की। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।

MP News : अवैध शराब कारोबारियों पर जारी रहेगा शिकंजा

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। चुनावी माहौल को देखते हुए पुलिस संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire