Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

MP News : CBN की बड़ी कार्रवाई : फायरिंग के बीच 1.35 टन डोडाचूरा और अफीम जब्त, तस्कर हथियार छोड़कर फरार

Dev Verma
MP News : CBN की बड़ी कार्रवाई : फायरिंग के बीच 1.35 टन डोडाचूरा और अफीम जब्त, तस्कर हथियार छोड़कर फरार
X

MP News : नीमच। मध्य प्रदेश के नीमच जिले में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में टीम ने फायरिंग के बीच भारी मात्रा में डोडाचूरा और अफीम बरामद की है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान तस्कर मौके से भागने में सफल रहे, जिनकी तलाश जारी है।

MP News : मालखेड़ा फांटा के पास की गई कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक, CBN की मध्यप्रदेश इकाई को सूचना मिली थी कि नीमच क्षेत्र में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर 6 जुलाई की देर रात मालखेड़ा फांटा के पास टीम ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया। जैसे ही CBN टीम ने सफेद रंग की इसुजु डी-मैक्स पिकअप को रोकने की कोशिश की, उसमें सवार तस्करों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और बैरिकेडिंग तोड़कर भागने लगे।

MP News : जवाबी कार्रवाई में वाहन का टायर हुआ पंचर

तस्करों की फायरिंग के बाद CBN टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की और वाहन के टायर को निशाना बनाया। गोली लगने से वाहन का टायर पंचर हो गया, लेकिन इसके बावजूद तस्कर करीब 8 किलोमीटर तक वाहन चलाते रहे। इसके बाद ग्राम दुदारसी स्थित बालाजी रेस्टोरेंट के सामने तस्कर वाहन छोड़कर पिस्टल से फायरिंग करते हुए फरार हो गए।

MP News : वाहन से बरामद हुआ भारी मात्रा में मादक पदार्थ

CBN टीम ने जब वाहन की तलाशी ली तो उसमें 64 कट्टों में भरा 1,349.918 किलोग्राम डोडाचूरा और 6.580 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। इसके अलावा मौके से हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किया गया। बरामद सामान में एक .315 बोर स्पोर्टिंग राइफल, दो जिंदा कारतूस और पांच खाली खोखे शामिल हैं। टीम ने वाहन, मादक पदार्थ और हथियारों को एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत जब्त कर लिया है।

MP News : फरार तस्करों की तलाश जारी

CBN अधिकारियों के अनुसार, इस पूरे मामले में फरार आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है। टीम अब तस्करी के नेटवर्क, सप्लाई चैन और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire