Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

MP News : मध्यप्रदेश कैबिनेट के बड़े फैसले: लैंड पूलिंग एक्ट खत्म, पन्ना हीरे को GI टैग, 15,996 करोड़ निवेश, नए रोजगार का रास्ता साफ

Dev Verma
MP News : मध्यप्रदेश कैबिनेट के बड़े फैसले: लैंड पूलिंग एक्ट खत्म, पन्ना हीरे को GI टैग, 15,996 करोड़ निवेश, नए रोजगार का रास्ता साफ
X

MP News : भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में वल्लभ भवन स्थित मंत्रालय में आज महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक आयोजित हुई। सामूहिक वंदे मातरम गायन से शुरू हुई बैठक में प्रदेश के विकास, निवेश, उद्योग, सामाजिक सुरक्षा और कृषि से जुड़े अनेक बड़े निर्णय लिए गए। बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कैबिनेट के प्रमुख फैसलों की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि 13 नवंबर को इंदौर में आयोजित एमपी टेक ग्रोथ कांक्लेव बेहद सफल रहा। आईटी, ड्रोन, एयरोस्पेस, सेमीकंडक्टर, डिफेंस और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में निवेश के लिए विस्तृत चर्चा हुई।

भारतीय सेना के मेजर, ब्रिगेडियर और कई अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के प्रतिनिधि इस कार्यक्रम में उपस्थित थे। कांक्लेव के दौरान उद्योगों को भूमि आवंटन के आशय पत्र भी जारी किए गए, जिसके परिणामस्वरूप 15,996 करोड़ रुपए के निवेश और लगभग 6,485 रोजगार सृजन का मार्ग खुला है। प्रदेश की महत्वाकांक्षी स्पेस टेक नीति 2025 के मसौदे का अनावरण भी इसी कांक्लेव में किया गया, जिससे मध्य प्रदेश भारत की स्पेस इकॉनमी में नई पहचान स्थापित करेगा। इस नीति से research, investment और रोजगार के नए अवसर बनेंगे।

MP News : कृषि एवं किसानों के लिए बड़े निर्णय

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि देवास से शुरू की गई भावांतर योजना को बेहतरीन प्रतिक्रिया मिल रही है। 24 अक्टूबर से 7 नवंबर तक जहां मॉडल रेट 4020 रुपए था, वहीं 17 नवंबर तक बढ़कर 4236 रुपए हो गया है। 15 दिनों में 1.33 लाख किसानों के खातों में 233 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए जा चुके हैं। सिंचाई सुधार को लेकर कैबिनेट ने प्रधानमंत्री कृषक मित्र योजना में संशोधन को मंजूरी देते हुए घोषणा की कि 7.5 HP क्षमता वाले सोलर पंप पर किसानों को केवल 10% राशि देनी होगी, शेष 90% सब्सिडी सरकार देगी। इससे लगभग 3 लाख अस्थाई कनेक्शन वाले किसानों को लाभ मिलेगा।

MP News : जनजाति गौरव दिवस और पन्ना के हीरे को GI टैग

प्रदेश भर में 15 नवंबर को जनजाति गौरव दिवस बड़े स्तर पर मनाया गया। जबलपुर के मुख्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल रूप से जुड़े। इसके साथ ही पन्ना के प्रसिद्ध हीरे को GI टैग प्राप्त होने पर कैबिनेट ने इसे प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। अब ‘पन्ना डायमंड’ नाम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बढ़ेगी और स्थानीय युवाओं एवं कारीगरों को नए रोजगार मिलेंगे।

MP News : लाडली बहना योजना पर महत्वपूर्ण चर्चा

कैबिनेट में लाडली बहना योजना की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। जून 2023 से शुरू हुई इस योजना के तहत अक्टूबर 2025 तक बहनों के खातों में 44,900 करोड़ रुपए से अधिक की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है। महिलाओं को और अधिक सक्षम बनाने के नए विकल्पों पर भी विमर्श हुआ।

MP News : सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में फैसले

अवसाद और गंभीर बीमारी से पीड़ित माता-पिता के बच्चों को सरकार हर माह ₹4,000 देगी। लगभग 33,340 बच्चों को इसका लाभ मिलेगा। मेडिकल लीगल संस्थान के अधिकारियों को सातवें वेतनमान का लाभ देने की मंजूरी। सामाजिक उद्देश्यों के लिए सोशल इंपैक्ट योजना के तहत 100 करोड़ रुपए का प्रावधान। आगर मालवा विधिक सेवा प्राधिकरण में नए पद स्वीकृत। प्रदेश के 12 जिलों में 50-बेड के आयुष चिकित्सालय बनाने की मंजूरी। एमपी साइंस एंड टेक्नोलॉजी काउंसिल में भर्ती पर लगी रोक हटाई गई।

MP News : सिंहस्थ के लिए बड़ा फैसला

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैठक में जानकारी दी कि किसानों की भावनाओं का सम्मान करते हुए सिंहस्थ लैंड पूलिंग एक्ट को समाप्त कर दिया गया है। किसान संघ ने सिंहस्थ को सहयोग और उत्साह के साथ मनाने के प्रस्ताव को स्वीकार किया है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire