MP News : बारूद फैक्ट्री बनी मौत का मैदान, सड़क पर बिखरे शवों के टुकड़े, पुलिस जांच में जुटी
MP News : देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले में एबी रोड स्थित टोंककला की एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के मकानों की दीवारें तक कांप उठीं। हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट के बाद फैक्ट्री परिसर और सड़क पर मानव अंग और मांस के टुकड़े बिखरे दिखाई दिए। धमाके के तुरंत बाद इलाके में चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। दूर-दूर तक धुएं का गुबार नजर आया, जिससे आसपास के गांवों में दहशत फैल गई।
ग्रामीणों ने फैक्ट्री संचालकों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि फैक्ट्री में खुलेआम भारी मात्रा में बारूद रखकर पटाखे तैयार किए जाते थे और सुरक्षा नियमों की लगातार अनदेखी की जा रही थी। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायतें करने के बावजूद प्रशासन और संबंधित विभागों ने कोई सख्त कार्रवाई नहीं की।
हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। फैक्ट्री मालिक अनिल मालवीय पर राजनीतिक संरक्षण मिलने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई होती, तो इतना बड़ा हादसा टाला जा सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। फिलहाल घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पूरे मामले की जांच जारी है। इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

