Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

MP News : सोने का लालच बना ठगी का जाल, खुदाई में माला मिलने का ड्रामा रचकर अनाज कारोबारी से 14 लाख की ठगी

पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

MP News : सोने का लालच बना ठगी का जाल, खुदाई में माला मिलने का ड्रामा रचकर अनाज कारोबारी से 14 लाख की ठगी
X

MP News : जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में शातिर ठगों ने सोना मिलने का झांसा देकर एक अनाज कारोबारी को 14 लाख रुपये का चूना लगा दिया। भरोसा जीतने के लिए ठगों ने पहले असली सोने के मोती दिखाए और फिर नकली माला थमाकर मौके से फरार हो गए। मामला सदर थाना क्षेत्र का है।

मंडला निवासी 61 वर्षीय अनाज व्यापारी चांदमल सामतानी की कृषि उपज मंडी में दुकान है। इसी दुकान पर दो युवक पहुंचे और खुद को मजदूर बताया। उन्होंने दावा किया कि रोड की खुदाई के दौरान उन्हें करीब 2 किलो वजनी पुरानी सोने की माला मिली है, जिसे वे बेचकर पैसे कमाना चाहते हैं। व्यापारी का भरोसा जीतने के लिए ठगों ने माला से दो मोती निकालकर दिए।

चांदमल सामतानी ने जब इन मोतियों की जांच कराई, तो वे असली सोने के निकले। इसी चालाकी के चलते कारोबारी ठगों की बातों में आ गया और 14 लाख रुपये नकद देकर पूरी माला खरीद ली। हालांकि सच्चाई तब सामने आई, जब माला की पूरी जांच सराफा बाजार में कराई गई। जांच में माला पूरी तरह नकली निकली।

ठगी का एहसास होते ही पीड़ित ने सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल ठगों की तलाश जारी है और पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire