Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

MP News : मक्सी स्टेशन के पास मालगाड़ी पटरी से उतरी, दो हिस्सों में बंटी, यातायात प्रभावित

रेलवे के कर्मचारियों ने तत्काल ही मरम्मत कार्य भी शुरू कर दिया है।

MP News : मक्सी स्टेशन के पास मालगाड़ी पटरी से उतरी, दो हिस्सों में बंटी, यातायात प्रभावित
X

MP News : शाजापुर। मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले में शनिवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। मक्सी रेलवे स्टेशन के पास एक मालगाड़ी अचानक पटरी से उतर गई और दो हिस्सों में बंट गई। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन घटना के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मेन लाइन की पटरी टूटने से मालगाड़ी का संतुलन बिगड़ गया, जिसके चलते कई डिब्बे पटरी से नीचे उतरकर जमीन में धंस गए। गनीमत रही कि घटना के समय इस रूट से कोई यात्री ट्रेन नहीं गुजर रही थी, अन्यथा नुकसान कहीं अधिक हो सकता था। घटना की सूचना के बाद रेलवे में हड़कंप मच गया। कई अधिकारी और कर्मचारी मौके की ओर रवाना हो गए थे। अधिकारी घटना स्थल का जायजा ले रहे थे। रेलवे के कर्मचारियों ने तत्काल ही मरम्मत कार्य भी शुरू कर दिया है।

घटना के बाद मेन लाइन बंद होने से कई यात्री गाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हुई है। कई ट्रेनें रोक दी गई थीं। एक लाइन को क्लीयर करने के बाद बाकी ट्रेनों को धीरे-धीरे रवाना किया जा रहा है। स्टेशन प्रबंधन मुकेश जैन के मुताबिक ट्रैक की खराबी के कारण यह घटना मालूम पड़ती है। इस घटना की विस्तार से जांच के लिए उज्जैन के अधिकारियों कीटीम भी पहुंच रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

ट्रेनों का समय बदला-

शाजापुर जिले के मक्सी स्टेशन के पास हुई घटना के बाद तीन ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। इस बारे में स्टेशन मैनेजर ने कहा कि मालगाड़ी के पटरी से उतर जाने के कारण आंशिक रूप से यातायात प्रभावित हुआ है। इस कारण मालवा एक्सप्रेस 10 मिनट देरी से चल रही है। इसके साथ ही नागदा से बीना जाने वाली पैसेंजर ट्रेन एक घंटे देरी से चल रही है। भगत की कोठी से काचीगुड़ा जाने वाली ट्रेन 15 मिनट लेट हुई है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire