Top
Begin typing your search above and press enter to search.

MP News : जंगल की आग ने मचाई तबाही, 12 घर जलकर हुए राख; कई परिवार बेघर

MP News : जंगल की आग ने मचाई तबाही, 12 घर जलकर हुए राख; कई परिवार बेघर
X

MP News : दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में जंगल से निकली भीषण आग ने वार्ड क्रमांक-1 के आदिवासी डेरे में भारी तबाही मचा दी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते-ही-देखते करीब 12 घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। कई परिवार रातोंरात बेघर हो गए। लोग अपने जरूरी सामान और दस्तावेज तक नहीं बचा पाए।

MP News : बेटी की शादी का सामान भी जलकर स्वाहा

इस आग में सबसे ज्यादा दर्द विकलांग महिला माया आदिवासी की कहानी में है। उन्होंने बताया कि बेटी की शादी तय हो चुकी थी। वर्षों की मेहनत से शादी का सामान और कुछ नकदी जमा की थी, लेकिन आग ने सब कुछ मिनटों में जला दिया। कई अन्य परिवारों के पास भी शादी-ब्याह का सामान, नकदी और जरूरी चीजें थीं, जो आग की चपेट में आ गईं। कुछ घरों में पिंजरे में बंद पक्षी भी जिंदा जल गए।

MP News : तेज हवा ने फैलाई आग, ग्रामीणों ने की बचाव की कोशिश

स्थानीय निवासी बलवंत आदिवासी के अनुसार, आग पहले जंगल में लगी थी, लेकिन तेज हवा के कारण कुछ ही देर में पूरे डेरे तक पहुंच गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन पानी और संसाधनों की कमी के कारण आग पर काबू नहीं पा सके। इलाके में बिजली न होने से बोरवेल भी नहीं चल सके, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।

MP News : प्रशासन पर लापरवाही का आरोप

ग्रामीणों ने प्रशासन पर देर से राहत पहुंचाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कई बार सूचना दिए जाने के बावजूद डायल-112 और दमकल की टीम समय पर नहीं पहुंची। फायर ब्रिगेड रात करीब 10 बजे मौके पर पहुंची, तब तक ज्यादातर घर जल चुके थे।

MP News : खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर परिवार

आग के बाद पूरा इलाका राख और धुएं से भरा हुआ है। प्रभावित परिवार अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। उन्होंने शासन-प्रशासन से तुरंत राहत, मुआवजा और पुनर्वास की मांग की है। स्थानीय प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और प्रभावित परिवारों को मदद पहुंचाने का आश्वासन दिया है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire