Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

MP News : पहले मंदिर में रचाई शादी, फिर साथ जीने-मरने की कसम निभाते पुल से कूदे प्रेमी-प्रेमिका, दोनों की मौत

पहले मंदिर में विवाह की रस्में निभाईं और इसके बाद हाथ बांधकर सांक नदी के पुल से छलांग लगा दी। घटना में दोनों की मौत हो गई।

MP News : पहले मंदिर में रचाई शादी, फिर साथ जीने-मरने की कसम निभाते पुल से कूदे प्रेमी-प्रेमिका, दोनों की मौत
X

MP News : मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में प्रेम प्रसंग का एक बेहद मार्मिक और दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक प्रेमी युगल ने कथित तौर पर पहले मंदिर में विवाह की रस्में निभाईं और इसके बाद हाथ बांधकर सांक नदी के पुल से छलांग लगा दी। घटना में दोनों की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, नूराबाद थाना क्षेत्र में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर स्थित सांक नदी के ऐतिहासिक पुल पर रविवार दोपहर एक युवक और युवती बुलेट मोटरसाइकिल से पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि दोनों ने पुल के नीचे स्थित काली माता मंदिर में विवाह की रस्में निभाईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक ने युवती की मांग भरी और दोनों ने मंदिर परिसर में सात फेरे भी लिए।

इसके बाद दोनों पुल पर पहुंचे और एक ही कपड़े (स्कार्फ) से अपने हाथ बांध लिए। कुछ देर बाद उन्होंने नदी में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू के दौरान दोनों को नदी से बाहर निकाला गया और नूराबाद अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान कैलारस तहसील के भुरावली का पुरा निवासी भूपेंद्र धाकड़ के रूप में हुई है, जबकि युवती राधा चौबे दतिया जिले की रहने वाली बताई जा रही है।

पुलिस को घटनास्थल पर खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल और उससे जुड़े दस्तावेज मिले, जिनके आधार पर दोनों की पहचान की गई। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। नूराबाद थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire