MP News : उफनते पुल को पार करना पड़ा भारी, तेज बहाव में बही बोलेरो, शराब कंपनी के कर्मचारी की मौत
जबलपुर में बारिश के बीच लापरवाही बनी हादसे की वजह, तीन साथी तैरकर निकले सुरक्षित

MP News : जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में बारिश के दौरान उफनती नदी पर बने पुल को पार करने की कोशिश एक व्यक्ति के लिए जानलेवा साबित हुई। तेज बहाव के बीच पुल से गुजर रही बोलेरो अनियंत्रित होकर नदी में बह गई। हादसे में वाहन चालक की डूबने से मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार तीन अन्य लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, चार लोग बोलेरो से काम समाप्त कर लौट रहे थे। इसी दौरान तेंदूखेड़ा के पास नदी का जलस्तर काफी बढ़ चुका था और पुल के ऊपर से तेज रफ्तार में पानी बह रहा था। बावजूद इसके वाहन चालक ने पुल पार करने का प्रयास किया। जैसे ही बोलेरो पुल के बीच पहुंची, पानी के तेज बहाव ने वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और वह नदी में बह गई।
हादसे में मृतक की पहचान रवि पिल्ले, निवासी सदर कैंट, जबलपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वाहन में सवार सभी लोग एक शराब कंपनी से जुड़े थे और कार्य के सिलसिले में दौरे पर निकले थे।
बोलेरो के बहते ही उसमें सवार तीन लोगों ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे। बाद में चालक का शव बरामद किया गया।


